मध्यप्रदेश: महिला मंत्री का दावा- गाय के गोबर के कंडे पर घी की आहुतियों से12 घंटे तक सैनिटाइज रहता है घर
पूरी दुनिया को कोरोना ने चपेट में लिया है। कोरोना पर नियंत्रण पाने के लिए दुनिया भर की सरकार तरह-तरह के कदम उठा रही है। ऐसे में मध्य प्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर ने रविवार को कोरोना वायरस से बचने के लिए बहुत ही विचित्र तर्क दिया।
उन्होंने वैदिक जीवन शैली को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि यदि आप सूर्योदय और सूर्यास्त के समय गाय के गोबर के कंडे से हवन में शुद्ध घी की आहुति देंगे तो आपका घर 12 घंटे तक सेनिटाइज रहेगा।
उषा ठाकुर ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर इंदौर में एक कार्यक्रम में यह बयान दिया। उन्होंने कहा कोरोना वायरस के संकट ने हमें सिखाया है कि इससे निपटने के लिए हमें एलोपैथी के साथ-साथ वैदिक दिनचर्या अपनानी होगी।
कोविड -19 ने हमें जीवन के वैदिक तरीके से लौटने का संकेत दिया है।
उषा ठाकुर ने कहा घर को सेनिटाइज करने के लिए आप गाय के दूध से बने घी को चावल के साथ मिलाते हैं और इस मिश्रण को सूर्योदय और सूर्यास्त के समय गाय के गोबर से बने कंडे के हवन पर इस मिश्रण की आहुति दे। ऐसा करने से घर 12 घंटे तक सेनिटाइज रहेगा।