सूरत

सूरत : डिंडोली के छठ सरोवर पर छठ पूजा के बाद चलाया स्वच्छता अभियान

समस्त झारखंड समाज ट्रस्ट व परोपकार चेरिटेबल ट्रस्ट ने किया स्वच्छता अभियान

सूरत। छठ महापर्व की भव्यता के बाद डिंडोली स्थित छठ सरोवर तालाब पर सोमवार को सामाजिक संगठनों द्वारा सराहनीय कार्य देखने को मिला। छठ पूजा संपन्न होने के तुरंत बाद समस्त झारखंड समाज ट्रस्ट और परोपकार चेरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में पूरे सरोवर परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया।

इस स्वच्छता अभियान में श्रद्धालु, समाजसेवी और ट्रस्ट के सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए। छठ पूजा के दौरान शहर के हजारों श्रद्धालुओं ने इस स्थल पर डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया था, जिसके बाद बड़ी मात्रा में फूल, प्रसाद और पूजा सामग्री सरोवर किनारे रह गई थी। स्वच्छता की मिसाल पेश करते हुए दोनों ट्रस्टों के कार्यकर्ताओं ने हाथों में झाड़ू, कचरा बैग और फावड़े लेकर तालाब के चारों ओर फैले कचरे और अवशेषों को हटाया।

शहर की सबसे बड़ी छठ पूजा का आयोजन हर वर्ष श्री छठ मानव सेवा ट्रस्ट द्वारा कराया जाता है, जिसमें इस बार भी सूरत महानगर पालिका ने सहयोगी संस्था के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। नगरपालिका के कर्मियों ने भी मशीनों और वाहनों की मदद से कचरा निस्तारण में योगदान दिया।

परोपकार चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रमुख यजुवेंद्र दुबे ने बताया कि धार्मिक आयोजन के बाद स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। छठ महापर्व सिर्फ आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि पर्यावरण और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का भी संदेश देता है।

झारखंड समाज ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष फूलदेव वर्मा ने बताया कि आने वाले वर्षों में भी वे इसी तरह सामूहिक रूप से स्वच्छता अभियान जारी रखेंगे ताकि डिंडोली का यह छठ सरोवर शहर का सबसे स्वच्छ धार्मिक स्थल बन सके।

इस अवसर पर श्री छठ मानव सेवा ट्रस्ट के प्रमुख राजेन्द्र उपाध्याय, गुलजारी उपाध्याय,योगेंद्र साहनी,मनीष नायक,मनोज शुक्ला, विजय पांडेय स्थानीय पार्षद निराला सिंह राजपूत, समाजसेवियों और श्री छठ मानव सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने भी उपस्थित रहकर सफाई कार्य में हाथ बंटाया। श्रद्धालुओं ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास सूरत को “स्वच्छ और संस्कारी शहर” बनाने की दिशा में प्रेरणा देते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button