सूरत

अभिनंदन एवं प्रोत्साहन समारोह में नगरसेविका रश्मि साबू का सम्मान 

सूरत। सूरत महानगरपालिका के 22 नंबर वार्ड की पूर्व नगरसेविका रश्मि गिरधारी साबू के जनसेवा से ओतप्रोत सक्रिय एवं प्रेरणादायी कार्यकाल के उपलक्ष्य में सूरत माहेश्वरी समाज व सूरत जिला माहेश्वरी सभा द्वारा शनिवार को सिटी लाइट स्थित माहेश्वरी भवन में एक भव्य अभिनंदन एवं प्रोत्साहन समारोह का आयोजन किया गया।

अपने कार्यकाल के दौरान रश्मि साबू ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास हेतु अनेक महत्वपूर्ण जनहितकारी कार्यों को साकार किया, जिनमें सुमन स्कूल एवं 50 बेड के हॉस्पिटल,प्राइमरी हेल्थ सेंटर,वार्ड ऑफिस,फायर स्टेशन जैसे प्रमुख प्रोजेक्ट शामिल हैं। उनके प्रभावी नेतृत्व, कर्तव्यनिष्ठा और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप 22 नंबर वार्ड को “बेस्ट वार्ड अवार्ड” से भी सम्मानित किया गया, जो उनके विकासोन्मुख दृष्टिकोण और प्रशासनिक दक्षता का प्रमाण है।

 

माहेश्वरी समाज से राजनीति में जनप्रतिनिधि के रूप में अवसर प्राप्त करने वाली वह पहली महिला हैं, जिन्होंने अपनी सेवा भावना, प्रामाणिकता और उच्च राजनीतिक आदर्शों से क्षेत्र की जनता के साथ-साथ भारतीय जनता पार्टी में भी एक विशिष्ट पहचान एवं लोकप्रिय स्थान अर्जित किया है। अपने कार्यकाल के दौरान इन्होंने भारतीय जनता पार्टी संगठन, वरिष्ठ एवं शीर्ष नेतृत्व और साथी पार्षदों के साथ भी मधुर संबंध एवं तालमेल बनाए रखा। इनके द्वारा उल्लेखनीय कार्यों से न केवल वार्डवासियों को लाभ मिला है, बल्कि संपूर्ण माहेश्वरी समाज भी गौरवान्वित हुआ है।

इस अवसर पर सूरत जिला माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष पवन बजाज,सचिव अतिन बाहेती व पदाधिकारी के साथ जिला सभा के कार्यकारिणी सदस्य एवं सभी क्षेत्रीय सभाओं के पदाधिकारी व समाज की अन्य अनेक संस्थाओं, महिला मंडल द्वारा उन्हें मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में अखिल भारत वर्षीय माहेश्वरी महासभा, गुजरात प्रदेश माहेश्वरी सभा के सदस्य सहित समाज के अनेक अग्रणी जन गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

समाज के जगदीश कोठारी ने बताया की कार्यक्रम में वक्ताओं ने श्रीमती रश्मि साबू के कार्यों को जनसेवा, विकास और सामाजिक नेतृत्व का प्रेरणादायक उदाहरण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनकल्याणकारी कार्यों की कामना की। मंच संचालन सुरेश तोषनीवाल ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button