
गोडादरा गणगौर संघ ने निरस्त किया गणगौर का विशाल कार्यक्रम
सूरत। गोडादरा गणगौर संघ द्वारा इस वर्ष आयोजित होने वाला गणगौर का विशाल कार्यक्रम स्व. विक्रम सिंह शेखावत के आकस्मिक निधन के चलते निरस्त कर दिया गया। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि स्वरूप लिया गया है।
हालांकि परंपरा को निभाते हुए 11 महिला शक्ति द्वारा विधिवत गणगौर पूजन किया गया, जिसमें मातृशक्ति ने भगवान से दिवंगत आत्मा की शांति हेतु प्रार्थना की।
गौरतलब है कि करीब 3 वर्ष पूर्व स्व. विक्रम सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में इस भव्य आयोजन की शुरुआत हुई थी। उनके नेतृत्व में गणगौर की विशाल रैली का आयोजन प्रारंभ हुआ, जो पिछले 2 वर्षों से निरंतर भव्य रूप में निकाली जा रही थी।
संघ के सदस्यों ने भावुक होकर कहा कि स्व. विक्रम सिंह शेखावत का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनके द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को भविष्य में और भी श्रद्धा व भव्यता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।



