
राजस्थान युवा संघ द्वारा फागोत्सव 2026 का भव्य आगाज
“विकसित भारत 2047” थीम व संकल्पना के साथ फागोत्सव मनाया जाएगा
सूरत। राजस्थान युवा संघ द्वारा आयोजित फागोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ तुलसी पार्टी प्लॉट, गोडादरा रोड सूरत में हर्षोल्लास के साथ हुआ। इस वर्ष कार्यक्रम “विकसित भारत 2047” की प्रेरणादायी थीम पर आधारित है। भविष्य के भारत की परिकल्पना को दर्शाती विशेष थीम गैलरी तैयार की गई है, जिसे देखने के लिए दिनभर ल समाजजनों में भारी उत्साह रहा तथा रात्रि में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त आईआरएस अधिकारी एवं समाजसेवी अशोक सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। इसके पश्चात गणेश वंदना, चंग धमाल और गिंदड़ की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया।

राजस्थान से पधारे पनिहारी ग्रुप एवं वीणा ग्रुप ने राजस्थानी संस्कृति की अद्भुत प्रस्तुतियाँ दीं। पारंपरिक लोकनृत्य और “बणी ठाणी” ने दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष आकर्षण के रूप में महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग की प्रसिद्ध भस्म आरती की झांकी भी प्रस्तुत की जा रही है।
संस्था अध्यक्ष विक्रम सिंह शेखावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के संयोजक रामावतार पारीक एवं रमेश राठी हैं, जबकि सह-संयोजक विनोद सारस्वत एवं बनवारी झाझड़िया हैं।
ज्ञात हो कि राजस्थान युवा संघ वर्षों से निरंतर फागोत्सव का आयोजन करता आ रहा है। पिछले वर्ष शिवशक्ति मार्केट में लगी आग के कारण कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था, किंतु राजस्थान स्थापना दिवस पर आयोजित भव्य घूमर कार्यक्रम द्वारा विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर समाज का गौरव बढ़ाया गया।
आगामी कार्यक्रमों में बरसाना शैली की फूलों की होली, मथुरा-वृंदावन की तर्ज पर इत्र होली, बाबा श्याम का विशाल दरबार, महाकाल की भस्म आरती की झांकी तथा प्रतिदिन चंग धमाल व गिंदड़ प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
राजस्थान युवा संघ ने सभी समाजजनों से सपरिवार पधारकर इस सांस्कृतिक उत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया है।
विश्वगुरु भारत, समरस भारत और विकसित भारत-2047 का संकल्प — यही है फागोत्सव 2026 का संदेश।



