
सुधांशु त्रिवेदी बोले—भारत पुनः विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर
साकेत ग्रुप द्वारा आयोजित “नेशन फर्स्ट – राष्ट्र सर्वोपरि” व्याख्यान
सूरत। साकेत ग्रुप द्वारा “नेशन फर्स्ट – राष्ट्र सर्वोपरि” विषय पर आयोजित विशेष व्याख्यान का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता माननीय श्री सुधांशु जी त्रिवेदी, सांसद (राज्यसभा) एवं भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था के सावरप्रसाद बुधिया ने अतिथियों का स्वागत भाषण दिया। इसके पश्चात विक्रम सिंह शेखावत ने साकेत ग्रुप की गतिविधियों, सेवा कार्यों एवं राष्ट्रसेवा के उद्देश्यों की जानकारी दी। धीरू सवाणी ने कार्यक्रम की प्रस्तावना रखते हुए आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित मंच संचालन डॉ. वीरेंद्र राजावत द्वारा किया गया।

अपने ओजस्वी संबोधन में सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आत्मविश्वास, साहस और शौर्य के साथ नए युग में प्रवेश किया है। उन्होंने कहा कि अब वह दौर समाप्त हो चुका है जब भारत पर आक्रमण या भेदभाव को सहन किया जाता था। आज भारत धैर्य के साथ-साथ साहस और निर्णायक क्षमता भी रखता है।
उन्होंने कहा कि भारत दुनिया पर प्रभुत्व जमाने नहीं, बल्कि दुनिया को प्रेरित करने के लिए आगे बढ़ रहा है। भारत आज सुपर पावर बनने की दिशा में है और निश्चित रूप से विश्व गुरु की भूमिका निभाने के लिए तैयार है।
श्री त्रिवेदी ने कहा कि हिंदू धर्म और सनातन संस्कृति का प्रभाव आज पूरी दुनिया में दिखाई दे रहा है। योग, ध्यान, आयुर्वेद, तुलसी, ऑर्गेनिक फार्मिंग, शाकाहार और भारतीय जीवनशैली को वैश्विक स्तर पर अपनाया जा रहा है। यह परिवर्तन भारतीय संस्कृति की वैज्ञानिकता और सार्वभौमिकता का प्रमाण है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे परिवर्तन को समझें, साहस के साथ आगे बढ़ें और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि नया युग आ चुका है और भारत माता की चेतना पुनः जागृत हो रही है।
यह कार्यक्रम शनिवार, 20 दिसंबर 2025 को सायं 5:00 बजे माहेश्वरी लकरिया (माहेश्वरी सेवा सदन), D.R. वर्ल्ड के पास, आईमाता चौक, पर्वत पाटिया, सूरत में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संस्था के रामअवतार पारीक ने उपस्थित लोगों के कुछ प्रश्न लेकर मुख्य वक्ता से उनके संतोषप्रद उतर दिलवाए।
आभार विधी डा. ममता भक्कङ ने किया। कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” के गगनभेदी उद्घोष के साथ हुआ।



