
सूरत फाइनेंस एसोसिएशन आयोजित मेगा ब्लड डोनेशन कैम्प 10 जनवरी को
रक्तदाताओं को एक लाख की दुर्घटना बीमा का लाभ दिया जाएगा
सूरत। रिंगरोड कपड़ा बाजार स्थित अजंता शॉपिंग सेंटर के ए और बी विंग पार्किंग परिसर में सूरत फाइनेंस एसोसिएशन द्वारा 13 वें रक्तदान शिविर का आयोजन शनिवार 10 जनवरी को किया जाएगा। शिविर के प्रमुख प्रभारी श्री सत्यनारायण अग्रवाल ने बताया कि शहर के विभिन्न ब्लड बैंक टीमों के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर सुबह 9 बजे शाम 6 बजे तक चलेगा। इस वर्ष 800 यूनिट के उपर का लक्ष्य रखा गया है। सभी रक्तदाताओं को उपहार व प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया जाएगा। इस बार रक्तदाताओं को 1 लाख रूपये की बीमा राशि की व्यक्तिगत दुर्घटना पॉलिसी देने की विशेष व्यवस्था रखी गई है।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान उत्सव में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाएं, किन्नर समाज के अग्रणी, रिक्शा और टेम्पो यूनियन समेत अन्य संस्थाओं को आमंत्रण दिया गया है। सूरत फाइनेंस एसोसिएशन की ओर से अजंता शॉपिंग सेंटर में आयोजित शिविरों में अभी तक हजारों यूनिट रक्त संग्रहीत हो चुका है।
इस कैंप में गुजरात प्रदेश उपाध्यक्ष जंखना पटेल, सूरत पुलिस आयुक्त अनूपसिंह गहलोत, जॉइट पुलिस आयुक्त जमीर और फोस्टा अध्यक्ष कैलाश हकीम उपस्थित रहेंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान संतोक नहर, अनिल कंकारिया, नरेश कोठारी, अनिल मेहता, ललित चौधरी, बजरंगसिंह समेत संस्था के पदाधिकारियों की उपस्थिति रही।



