सूरत

सूरत: हजीरा में दूसरे दिन भी L&T कर्मियों का जमावडा हुआ,पुलिस ने संभाली कमान

AM/NS हिंसा के बाद सभी औद्योगिक इकाइयों पर कड़ी सुरक्षा; सूरत पुलिस की दो दिवसीय क्राइम कॉन्फ्रेंस रद्द

सूरत: हजीरा औद्योगिक क्षेत्र में AM/NS कंपनी में हुई हिंसा के बाद हालात दूसरे दिन भी तनावपूर्ण बने रहे। शुक्रवार सुबह L&T के ठेका कर्मियों के फिर से जुटने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर भीड़ को हटाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे औद्योगिक क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और प्रस्तावित पुलिस क्राइम कॉन्फ्रेंस भी रद्द कर दी गई है।

गुरुवार को हुई पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की घटना के बाद शुक्रवार तड़के से ही पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई। उच्च अधिकारियों के नेतृत्व में सभी प्रमुख औद्योगिक इकाइयों पर सघन कॉम्बिंग और पेट्रोलिंग की गई।पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 50 से अधिक ठेका कर्मचारी L&T यूनिट में एकत्र हो गए थे। हालांकि पहले से तैनात पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर सभी को वहां से हटाया और हालात काबू में कर लिए। कुछ वीडियो में प्लांट के गेट नंबर 3 के पास बड़ी संख्या में कर्मचारियों की मौजूदगी दिखाई दी, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सोशल मीडिया के जरिए भड़काऊ संदेश और हरियाणा के पानीपत में हुए श्रमिक आंदोलन के वीडियो वायरल कर माहौल गर्माया गया। कुछ ग्रुप में पुलिस को निशाना बनाने और हिंसा के लिए उकसाने वाले संदेश प्रसारित किए गए। इसके बाद पुलिस की साइबर सेल इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सएप ग्रुप्स की निगरानी कर रही है।वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सूरत में आयोजित दो दिवसीय पुलिस क्राइम कॉन्फ्रेंस को स्थगित कर दिया गया है। सभी अधिकारियों को फील्ड में तैनात रहने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।गुरुवार को हुई पत्थरबाजी की घटना में डीसीपी शेफाली बरवाल सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए अब तक 46 से अधिक चिन्हित उपद्रवियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और दंगा (रायटिंग) समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।इसके अलावा हिंसा में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। हजीरा औद्योगिक क्षेत्र में फिलहाल तनाव के बीच स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, हालांकि एहतियात के तौर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था यथावत रखी गई है।

अफवाह फैलाने वालों की खैर नहीं: DCP की चेतावनी

हजीरा में हुई हिंसक घटना के बाद सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को लेकर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। डीसीपी शेफाली बरवाल ने नागरिकों से अपील की है कि बिना सत्यता जांचे किसी भी प्रकार का संदेश, वीडियो या पोस्ट फॉरवर्ड न करें।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सूरत पुलिस का सोशल मीडिया मॉनिटरिंग यूनिट पूरी तरह सक्रिय है। जो भी व्यक्ति भड़काऊ पोस्ट डालकर या अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।डीसीपी ने बताया कि पूरे हजीरा क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button