
सूरत : विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति में “विक्रम कप” का आयोजन, 36 कौम के युवाओं को जोड़ने की अनूठी पहल
प्रतियोगिता में कुल 24 टीमें, 384 खिलाड़ी भाग लेंगे तथा 31 मुकाबले खेले जाएंगे
सूरत। श्री कृष्णा ग्रुप, सूरत द्वारा आयोजित केएसपीएल-5 (KSPL-5) सर्व समाज क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन इस वर्ष विक्रमसिंहजी शेखावत की पावन स्मृति में “विक्रम कप” के रूप में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 29, 30 एवं 31 मार्च 2026 को एल.आर. स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, अलथान (वेसु), सूरत में डे-नाइट प्रारूप में आयोजित होगी।
गौरतलब है कि केएसपीएल की स्थापना स्व. विक्रम सिंह शेखावत जी की प्रेरणा से सनातन समाज के सभी वर्गों के युवाओं को एक मंच पर लाने और उन्हें संगठित करने के उद्देश्य से की गई थी। उनका मानना था कि कलयुग में “संघे शक्ति कलियुगे” अर्थात संगठन में ही सबसे बड़ी शक्ति निहित है।
आयोजकों के अनुसार इस प्रतियोगिता में कुल 24 टीमें, 384 खिलाड़ी भाग लेंगे तथा 31 मुकाबले खेले जाएंगे। यह आयोजन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि 36 कौम के युवाओं को एकजुट कर सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का एक सशक्त माध्यम है।
आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों ने बताया कि केएसपीएल क्रिकेट कप का नाम “विक्रम कप” रखना स्व. विक्रम सिंह शेखावत जी के विचारों, उनके समाजसेवा के भाव और युवाओं को संगठित करने के उनके संकल्प को सच्ची श्रद्धांजलि है।
इस आयोजन में श्री करणी सिल्क मिल्स सपोर्टिंग पार्टनर के रूप में एवं साईं धारा एनएक्स प्रा. लि. ड्रेस स्पॉन्सर के रूप में सहयोग कर रहे हैं। कार्यक्रम का संचालन महाराणा फाउंडेशन, सूरत के सहयोग से किया जा रहा है।



