
बुल्लीबाई ऐप केस : मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ साजिश रचने वाली युवती सिर्फ 18 साल की
सोशल मीडिया पर 100 सक्रिय मुस्लिम महिलाओं के खिलाफ साजिश रचने की आरोपी युवती उत्तराखंड की रहने वाली है और क्राइम ब्रांच की टीम उसे हिरासत में लेकर मुंबई के लिए रवाना हो रही है। आरोपी युवती ने अपने साथी विशाल कुमार के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। आरोपी लड़की की उम्र 18 साल और विशाल की उम्र भी महज 21 साल बताई जा रही है।
आरोपी युवती और उसके दोस्त ने बुल्ली बाई ऐप के जरिए मुस्लिम महिलाओं के बारे में अपमानजनक और अभद्र बातें कीं। उन्होंने उन्हें नीलाम करने जैसा बेहद निचले स्तर का काम भी किया। पुलिस युवती और उसके साथी को बेंगलुरु से मुंबई ले जा रही है।
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर से हिरासत में ली गई युवती 18 साल की 12वीं की छात्रा है। गिरफ्तारी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम ने उसे स्थानीय अदालत में पेश किया। वहां से टीम आरोपी युवती को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर मुंबई के लिए रवाना हुई और वे बुधवार को मुंबई पहुंचेंगी।
मामले के एक अन्य आरोपी विशाल को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया है। वह 21 साल का इंजीनियरिंग का छात्र है और साजिश के मुख्य आरोपी का दोस्त है। उत्तराखंड की रहने वाली युवती और विशाल दोनों एक दूसरे को पहले से जानते हैं। वे फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी दोस्त हैं।
मामले में गिरफ्तार आरोपी विशाल कुमार को मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने बेंगलुरु की एक अदालत में पेश किया। वहां से उसे 10 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अदालत ने पुलिस को बुल्लीबाई ऐप मामले में उनके ठिकाने की तलाशी लेने की भी अनुमति दी।