गुजरातसूरत

शादी का निमंत्रण या साइबर ठगी का जाल? WhatsApp पर APK फाइल भेजकर ठगी की साजिश

परिचित नंबर से आए मैसेज पर भी न करें भरोसा, APK फाइल इंस्टॉल होते ही निजी डेटा और बैंकिंग जानकारी पर मंडरा सकता है खतरा

सूरत। साइबर अपराधियों ने लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए अब नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। WhatsApp पर परिचित या रिश्तेदार के मोबाइल नंबर से शादी का निमंत्रण बताकर मैसेज के साथ APK फाइल भेजी जा रही है। परिचित नंबर से आया मैसेज देखकर लोग इसे शादी का निमंत्रण समझकर फाइल खोल लेते हैं, लेकिन यही छोटी-सी लापरवाही भारी पड़ सकती है।

सूरत साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों को ऐसे संदिग्ध मैसेज और APK फाइल से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, APK फाइल पर क्लिक करने या उसे इंस्टॉल करने से मोबाइल में अनजान एप्लिकेशन इंस्टॉल हो सकती है। इसके जरिए साइबर अपराधी मोबाइल में मौजूद निजी जानकारी, कॉन्टैक्ट्स और अन्य संवेदनशील डेटा तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं।

यदि मोबाइल में बैंकिंग ऐप या उससे जुड़ी संवेदनशील जानकारी मौजूद है तो आर्थिक नुकसान का खतरा भी बढ़ सकता है। साइबर क्राइम सेल ने लोगों से अपील की है कि ऐसे संदिग्ध मैसेज या फाइल को खोलने के बजाय तुरंत डिलीट करें और परिवार, दोस्तों व रिश्तेदारों को भी इस साइबर ठगी के तरीके के बारे में जागरूक करें।
पहले एक मोबाइल को निशाना, फिर कॉन्टैक्ट लिस्ट के जरिए फैलता है जाल

इस ठगी के तरीके में साइबर अपराधी पहले किसी व्यक्ति के WhatsApp अकाउंट या मोबाइल को निशाना बना सकते हैं। इसके बाद उसके कॉन्टैक्ट्स में मौजूद लोगों को शादी के निमंत्रण का मैसेज भेजा जा सकता है। मैसेज परिचित नंबर से आने के कारण सामने वाला आसानी से उस पर भरोसा कर लेता है।

APK फाइल इंस्टॉल होने के बाद अपराधी मोबाइल में सेव कॉन्टैक्ट नंबरों तक पहुंच बनाने की कोशिश कर सकते हैं और उन्हीं नंबरों पर शादी के निमंत्रण के नाम से आगे मैसेज भेज सकते हैं। इस तरह एक मोबाइल को निशाना बनाने के बाद उसके रिश्तेदारों, दोस्तों और परिचितों तक साइबर ठगी का जाल फैल सकता है।

ऐसे रहें सुरक्षित

* अनजान या संदिग्ध APK फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
* परिचित नंबर से आया संदिग्ध मैसेज भी बिना पुष्टि के न खोलें।
* WhatsApp पर भेजे गए शादी के निमंत्रण की फाइल पर क्लिक करने से पहले भेजने वाले से फोन पर पुष्टि करें।
* मोबाइल में अनजान ऐप दिखाई दे तो उसे तुरंत जांचें और जरूरत पड़ने पर हटाएं।
* बैंकिंग ऐप और निजी जानकारी की सुरक्षा के लिए मोबाइल में अनावश्यक ऐप को अनुमति न दें।
* संदिग्ध मैसेज को आगे भेजने के बजाय डिलीट करें और दूसरों को भी सतर्क करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button