गुजरातसूरत

सूरत : महंगाई के खिलाफ आप महिला मोर्चा का प्रदर्शन, कलक्टर को ज्ञापन

पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और खाद्य पदार्थों के दाम कम करने की मांग

सूरत। लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के गुजरात प्रदेश महिला संगठन ने शुक्रवार को जिला कलक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें पेट्रोल–डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरी वस्तुओं के दाम कम कर आम जनता को राहत देने की मांग की गई।

 

महिला संगठन ने ज्ञापन में कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, दूध, सब्जियां, खाद्य तेल, अनाज और दवाइयों की बढ़ती कीमतों ने आम परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है। सीमित आय और बढ़ते खर्च के कारण मध्यमवर्गीय परिवारों की बचत खत्म हो रही है, जबकि गरीब परिवारों के लिए दो वक्त का भोजन जुटाना भी मुश्किल हो गया है। महंगाई का सबसे ज्यादा असर महिलाओं के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। उन्हें घर चलाने के लिए जरूरी खर्चों में कटौती करनी पड़ रही है। इसका असर बच्चों की शिक्षा और परिवार के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है।

पांच प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर के दाम घटाने, दूध, खाद्य तेल, अनाज, दाल और सब्जियों की कीमतों पर नियंत्रण लगाने, जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस और समयबद्ध योजना घोषित करने की मांग की गई।

महिला संगठन ने कहा कि सरकार विकास के दावे कर रही है, लेकिन आम जनता रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने के लिए संघर्ष कर रही है। लोगों को अब आश्वासन नहीं, बल्कि महंगाई से राहत चाहिए। संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो जनता के हित में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button