प्रादेशिक

राजस्थान विश्वविद्यालय शिक्षक संघ द्वारा प्रदेशव्यापी  विरोध प्रदर्शन

उदयपुर (कांतिलाल मांडोत ) । राजस्थान विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालय इकाइयों के शिक्षकों द्वारा  राजकीय महाविद्यालय, थानागाजी में रीट परीक्षा 2021 के दौरान उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार एवं पुलिस कर्मियों द्वारा राजकार्य में बाधा पहुँचाने एवं अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक डॉ कन्हैया लाल मीना के साथ धक्का-मुक्की एवं परीक्षा ड्यूटी कर रहे शिक्षकों के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरुद्ध काली पट्टी बांध कर राज्य व्यापी विरोध किया गया एवं प्रत्येक महाविद्यालय इकाई से मुख्यमन्त्री के नाम इसके दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कडी कार्यवाही करने हेतु ज्ञापन भिजवाया।

संगठन के प्रदेश महामन्त्री डॉ. सुशील कुमार बिस्सू ने बताया कि रीट, 2021 परीक्षा के दौरान तय समय से बिलम्ब से आने वाले कतिपय परीक्षार्थियों को प्रवेश कराने के लिए उपखण्ड अधिकारी, थानागाजी डॉ. नवनीत कुमार, तहसीलदार श्री अक्षय प्रेम चेयरवाल  एवं पुलिसकर्मी  राजेन्द्र प्रसाद द्वारा राजकीय महाविद्यालय, थानागाजी परीक्षा केन्द्र के अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक डॉ. कन्हैया लाल मीना के साथ बद्तमीजी एवं हाथापाई करते हुए राजकार्य में बाधा उपस्थित गयी। इन प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा राज्य सरकार द्वारा तय किए गए नियमों की अवहेलना करते हुए अनावश्यक दबाव बनाकर अतिरिक्त केन्द्राधीक्षक को अपमानित कर उनके साथ हाथापाई करना, केन्द्र पर भय का वातावरण बनाकर कर्तव्यस्थ स्टाफ को हतोत्साहित करना, मोबाइल से वीडियो रिकार्डिंग करा कर उसे वायरल कराना राज्य सरकार के नियम और निर्देशों की खुली अवमानना एवं अपराध है।

डॉ बिस्सू ने कहा कि रुक्टा (राष्ट्रीय) से जुड़े प्रदेशभर के समस्त शिक्षक प्रशासनिक अधिकारियों के इस अमर्यादित, अवैधानिक और अपराधिक व्यवहार से क्षुब्ध एवं गहरे आक्रोश में है।आज पूरे प्रदेश में प्रत्येक महाविद्यालय की रूक्टा राष्ट्रीय से जुड़े इकाई के शिक्षकों द्वारा काली पट्टी बांध कर इस घटना का विरोध जताया गया तथा दोषियों पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई के लिए मुख्यमंत्री महोदय को स्थानीय प्रशासन के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया। विभिन्न महाविद्यालयों में हुए आज के विरोध प्रदर्शन में राज्य भर के लगभग 4000 शिक्षकों ने भाग लिया। डॉ. बिस्सू ने कहा कि प्रदेश की सबसे बड़ी, बहुचर्चित प्रतिष्ठापूर्ण परीक्षा को दुष्प्रभावित करने के लिए ज़िम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर अभी तक कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं करना दुर्भाग्य पूर्ण है।

संगठन अध्यक्ष डॉ. दीपक कुमार शर्मा ने बताया कि आन्दोलन के प्रारम्भिक चरण में आज 5 अक्टूबर 2021 को प्रत्येक महाविद्यालय इकाई में काली पट्टी बाँधकर विरोध प्रदर्शन, जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन, ईमेल के माध्यम से प्रत्येक इकाई द्वारा रीट समन्वयक, शिक्षा मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री और मुख्य सचिव को ज्ञापन, तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन देने का निर्णय किया गया। संगठन ने मुख्यमंत्री से यह मांग की है कि परीक्षा में अवैधानिक,अमर्यादित और अनुचित कार्य के लिए पद के अहंकार में डूबे इन अधिकारियों पर अविलम्ब कठोर कार्रवाई करें, अन्यथा सम्पूर्ण प्रदेश के आक्रोशित शिक्षक अगले चरण में आंदोलनात्मक क़दम उठाने को विवश होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button