धर्म- समाज

सामाजिक समरसता के प्रति समर्पित रही जीण संघ की 19वी ध्वज चुनर धर्म यात्रा

सूरत। श्री अखिल भारतीय जीण माता सेवा संघ सूरत द्वारा हर वर्ष ध्वज चुनर धर्म यात्रा का अनूठा आयोजन किया जाता है। उसी श्रृंखला में संघ द्वारा इस वर्ष 19वीं ध्वज – चुनर धर्म यात्रा का कार्यक्रम 21 अक्टूबर 2023 शनिवार को आयोजित किया गया। इस वर्ष ध्वज एवं चुनर उनई माता एवं सामाजिक समरसता के प्रतीक शबरी धाम में शबरी माता को सुअर्पित किए गए।

कार्यक्रम की विशेष जानकारी देते हुए कार्यक्रम संयोजक सुनील अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष संघ का कार्यक्रम “सामाजिक समरसता” एवं संघ के मूलभूत उद्देश्य “बेटी बचेगी तो सृष्टि रचेगी” के प्रति समर्पित रहा। कार्यक्रम के आयोजन हेतु संघ के 5 लाडलो की समिति शबरी धाम पहुंची एवं समस्त व्यवस्थाओं का मुआयना किया। समस्त श्रद्धालुओं हेतु जीण संघ द्वारा बस की निशुल्क व्यवस्था की गई। साथ ही निशुल्क रूप से बस में सभी श्रद्धालुओं को केले, सेब, खमण, कचोरी, वेफर, जूस आदि वितरित किए गए। सामाजिक समरसता के प्रतीक शबरी धाम में माँ शबरी को ध्वज एवं सैकड़ों चुनर सुअर्पित किए गए।

कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए कार्यक्रम उप संयोजक राजेश काबरा ने बताया कि जीण संघ द्वारा शबरी माता की आरती एवं शबरी धाम का महात्म्य विशेष रूप से हिंदी में अनुवाद किए गए। जीण संघ द्वारा शबरी धाम में हिंदी में अनुवादित शबरी माता की आरती एवं शबरी धाम के महात्म्य के 2 glow sign board शबरी धाम में सुअर्पित किये गए। ढोल – ढमाके के नाचते गाते हुए सभी श्रद्धालुओं ने 108 मीटर लंबी चुनर शबरी माता को ओढ़ाई। शबरी माता का पंचोपचार पूजन भी किया गया। शबरी माता के लिए विशेष रूप से एकत्रित कर 56 महाभोग भी जिमाया गया। इकत्तीस हज़र बत्ती से शबरी माता की महा आरती की गई। शबरी माता को पान का मुखवास भोग भी सुअर्पित किया गया।

संघ के रमेश खण्डेलवाल ने बताया कि शबरी माता के सभी भक्तों हेतु महा प्रसाद रखा गया था। संघ द्वारा “राम सिया राम, सिया राम जय जय राम” एवं “ॐ नमः शिवाय” के अखण्ड मंत्र जाप यंत्र और मां शबरी की नित्य सेवा हेतु चंवर भी भेंट किए गए। “राम लक्ष्मण शबरी की, जय बोलो मातंग की” एवं “जय श्री राम” के जब नारे लगाए गए, तो पूरा वातावरण राम मई हो उठा।

जिस प्रकार शबरी माता ने प्रभु श्री राम को सही दिशा दिखाई थी, उसी तरह समस्त श्रद्धालु उनकी मनोकामना पूर्ति की दिशा में अग्रसर हो मनोकामनाओं को प्राप्त करे ऐसी प्रार्थना की गई। नवरात्रि के मंगल अवसर पर संघ द्वारा कन्याओं का महापूजन भी समारोह स्थल पर किया गया।

शबरी माता के साथ साथ उनई माता को भी ध्वज एवं चुनर सुअर्पित किए गए। साथ ही पंचोपचार पूजन कर उनई माता को फल एवं मिठाई का महाभोग जिमाया गया। उपस्थित समस्त जन समुदाय ने जीण संघ द्वारा आयोजित इस भव्य एवं पावन कार्यक्रम की भूरी भूरी प्रशंसा की।

वर्तमान समय में जहां जातिगत भेदभाव अपनी चरम सीमा पर है, वहां सामाजिक समरसता के प्रति समर्पित संघ का यह सुंदर प्रयास अत्यंत सराहनीय था। “बेटी बचेगी तो सृष्टि रचेगी” के उद्घोष से संघ द्वारा उपस्थित समुदाय के जनमानस पर स्वस्थ संदेश अभिसंचरित किया गया।

संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में संघ के सुनील अग्रवाल, राजेश काबरा, निरंजन चौधरी, दिलीप पटेल, राम मूंदड़ा, गोविंद जिंदल,अभिषेक अग्रवाल,नमन खंडेलवाल, वेद प्रकाश शर्मा, बनवारी क्याल, बद्री अग्रावत, राकेश काबरा, रमेश खण्डेलवाल, राजेंद्र राजपुरोहित, सावरमल अग्रवाल, मनोज पंचेरिया आदि का विशेष सहयोग रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button