
जौनपुर की इमरती से कम मशहूर नहीं है, दुबे ढाबा की दाल
जौनपुर। सिराजे हिंद के नाम से मशहूर रहा, पूर्वांचल का ऐतिहासिक शहर जौनपुर विशेष प्रकार की इमरती के लिए मशहूर है। जौनपुर शहर आने वाले देश विदेश के लोग अपने साथ यहां की इमरती खाना और ले जाना नहीं भूलते। इमरती के साथ-साथ जौनपुर में दुबे ढाबा की दाल भी बहुत मशहूर है।
जौनपुर शहर के पूर्वी छोर के सुलतानपुर लखनऊ रोड पर स्थित दुबे ढाबा पर आसानी से पहुंचा जा सकता है। गाड़ियों को पार्क करने के लिए काफी जगह है। वैसे यहां के बने सारे व्यंजन स्वादिष्ट होते हैं, परंतु यहां की विशेष रुप से बनी दाल फ्राई का अपना एक अलग स्वाद है। जिसने भी एकबार यहां की दाल खा ली, वह दोबारा यहां खिंचा चला आता है।
दुबे ढाबा के पांच प्रोपराइटर में से एक प्रोपराइटर संजय दुबे के अनुसार पिछले 55 वर्षों से दुबे ढाबा निरंतर अपनी दाल की गुणवत्ता बनाए हुए है। यह अलग बात है कि विशेष प्रकार की दाल का राज बताने के लिए तैयार नहीं होते।
नेता हो या समाजसेवी, पत्रकार हो या अफसर, किसान हो या पूंजीपति, सभी को दुबे ढाबा में खाते हुए देखा जा सकता है। आम आदमी भी यहां अपनी भूख मिटाते नजर आता है। कुल मिलाकर सामान्य बजट में यह एक अच्छा ढाबा है।