
सूरत : पुलिस की मेहनत रंग लाई, बिछ़डे मासूम को माता- पिता से मिलाया
मासूम को गले लगाते ही माता- पिता की नम हुई आंखे
हर मासूम अपने माता- पिता का दुलारा, आंखों का तारा होता है। अगर वह उनसे अचानक बिछड़ जाए तो माता- पिता की क्या हालत होती होगी? यह आप बखूबी जानते है। सूरत के अडाजण इलाके में श्रमजीवी परिवार का मासूम खेलते खेलते अचानक लापता हो गया। परिवार से मासूम बिछड़ने से माता पिता की हालत दयनीय हो गई। वहीं लापता मासूम अडाजण पुलिस की सी टीम को मिला लेकिन वह कुछ बोल नहीं पा रहा था। जिससे अडाजण पुलिसी की सी टीम ने लगातार दो घंटे तक खोजबीन कर उसके माता- पिता को खोज निकाला और बच्चे को सही सलामत सौंप दिया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अडाजण प्राइम आर्केड स्थित जय रणछोड़ अपार्टमेंट के सिक्योरिटी केबिन में रहने वाले सुरेश मानसिंह कोली का 3 साल का बेटा शंशाक सोमवार को खेलते समय लापता हो गया। पुत्र के लापता हो जाने के कारण माता पिता चितिंत हो गए थे और उसकी खोजबीन करने लगे थे। लेकिन वह कही मिल नही रहा था। वही दूसरी तरफ अडाजण पुलिस को ये बच्चा लावारिस हालत मिला था। लेकिन पुलिस के लिए चुनौती यह थी कि वह बिल्कुल भी नहीं बोल पा रहा था।
पुलिस की सी टीम और पीसीआर की टीम ने मासूम को साथ में लेकर उसके माता की खोजबीन शुरू की। दो घंटे मेहनत के बाद पुलिस को सफलता मिली। पुलिस ने उसके माता पिता को ढूंढ लिया और उसे सही सलामत सौप दिया। घंटो से बिछड़े बेटे को मिलकर माता- पिता ने उसे अपने कलेजे से लगा लिया। उनकी आंखे नम हो गई थी।