
सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) ने सोमवार को संहति, सरसाणा में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के पश्चिमी क्षेत्र के रीजनल एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर पुल्ला हिजेकिया के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर सूरत एयरपोर्ट के समग्र विकास और घरेलू व अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार की मांग उठाई। चैंबर ने कहा कि सूरत में देश के 26 राज्यों के नागरिक व्यापार और रोजगार के लिए रहते हैं, इसलिए उन्हें अपने-अपने राज्यों तक सीधी घरेलू उड़ानों की सुविधा मिलनी चाहिए।
बैठक में चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला, मानद मंत्री परेश लाठिया, मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, एविएशन कमेटी के मेंटर रजनीकांत मारफतिया, चेयरमैन लिनीश शाह, सूरत एयरपोर्ट डायरेक्टर आनंद शर्मा सहित एयरपोर्ट और चैंबर के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
चैंबर ने सूरत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करने के लिए विस्तृत प्रस्तुति दी। इसमें अंतरराष्ट्रीय एयर कार्गो टर्मिनल की स्थापना, आधुनिक एप्रोच लाइटिंग और एयर नेविगेशन सिस्टम, समर्पित अंतरराष्ट्रीय यात्री टर्मिनल, विमान पार्किंग क्षमता बढ़ाने, एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (MRO) सुविधा, मौजूदा हैंगर के आधुनिकीकरण, रनवे विस्तार और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप मास्टर प्लान तैयार करने की मांग शामिल रही।
चैंबर ने एरोट्रोपोलिस और एयरपोर्ट इकोनॉमिक जोन विकसित करने, ग्रीनफील्ड या दूसरे एयरपोर्ट की समय रहते योजना बनाने, सार्वजनिक परिवहन और लास्ट माइल कनेक्टिविटी सुधारने, स्मार्ट एयरपोर्ट तकनीक अपनाने तथा सोलर एनर्जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल और रेन वाटर हार्वेस्टिंग जैसी ग्रीन एयरपोर्ट पहल को भी प्राथमिकता देने का सुझाव दिया।
प्रस्तुति में कहा गया कि सूरत देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे आर्थिक केंद्रों में शामिल है। हीरा, टेक्सटाइल, इंजीनियरिंग, फार्मास्यूटिकल्स, केमिकल्स, MSME, सोलर और सेवा क्षेत्र में शहर की वैश्विक पहचान है। बढ़ते अंतरराष्ट्रीय व्यापार, निवेश और पर्यटन को देखते हुए विश्वस्तरीय एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर समय की आवश्यकता बन चुका है।
चैंबर ने जनरल एविएशन सुविधाओं के विकास, एविएशन ट्रेनिंग एवं स्किल डेवलपमेंट सेंटर की स्थापना, एयर ट्रैफिक कंट्रोल क्षमता बढ़ाने तथा सूरत से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू करने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे के विस्तार पर भी जोर दिया।
बैठक में पुल्ला हिजेकिया ने चैंबर की व्यापक और दूरदर्शी प्रस्तुति की सराहना करते हुए सभी सुझावों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने सूरत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर चल रही और प्रस्तावित विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित करने के लिए AAI प्रतिबद्ध है।
चैंबर ने विश्वास जताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया, नागरिक उड्डयन मंत्रालय, गुजरात सरकार और उद्योग जगत के संयुक्त प्रयासों से सूरत अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में पश्चिम भारत का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एविएशन, व्यापार और कनेक्टिविटी हब बनेगा।



