
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) के कार्यालय में बुधवार को भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत नेशनल जूट बोर्ड के डिप्टी डायरेक्टर बिश्वनाथ भंसाली का स्वागत किया गया। इस अवसर पर जूट उत्पादों के उपयोग, पर्यावरण-अनुकूल पैकेजिंग तथा सूरत के वस्त्र उद्योग से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम के दौरान फोस्टा के अध्यक्ष हंसराज जैन एवं संस्था के निदेशकों ने बिश्वनाथ भंसाली का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। फोस्टा के महासचिव दिनेश कटारिया ने बताया कि बैठक में जूट उत्पादों के बढ़ते उपयोग, पर्यावरण संरक्षण तथा वस्त्र व्यापार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए बिश्वनाथ भंसाली ने नेशनल जूट बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में जूट आधारित उत्पादों का उपयोग आज समय की आवश्यकता बन चुका है और व्यापारियों को अधिक से अधिक जूट उत्पाद अपनाने चाहिए।
बैठक में सूरत में जूट उद्योग और जूट उत्पादों के व्यापार के विस्तार, उनके प्रचार-प्रसार तथा नए व्यावसायिक अवसरों के सृजन को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान फोस्टा के प्रतिनिधियों ने सूरत के कपड़ा व्यापार और उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे।
बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने व्यापारियों के हित में नेशनल जूट बोर्ड और फोस्टा के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा जूट उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में मिलकर कार्य करने पर सहमति व्यक्त की।



