
सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) तथा साउथ गुजरात टेक्सटाइल प्रोसेसर्स एसोसिएशन (SGTPA) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को सरसाना स्थित चैंबर भवन में गुजरात मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (GMDC) के जनरल मैनेजर (सेल्स एंड मार्केटिंग-कोल) नीरज पटेल के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में दक्षिण गुजरात के प्रोसेसिंग हाउस और विभिन्न विनिर्माण इकाइयों को लिग्नाइट की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर समाधान की मांग की गई।
बैठक में उद्योग प्रतिनिधियों ने मई, जून और जुलाई-2026 के दौरान लिग्नाइट की कीमतों में हुई असामान्य वृद्धि पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि निर्धारित कोटा के अनुसार भी समय पर पर्याप्त मात्रा में लिग्नाइट उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो रहा है।
उद्योगपतियों ने यह भी बताया कि सूरत के निकट स्थित तडकेश्वर खदान की बजाय भावनगर से अधिक मात्रा में लिग्नाइट की आपूर्ति किए जाने के कारण परिवहन और लॉजिस्टिक्स लागत में काफी बढ़ोतरी हो रही है। साथ ही, खुले बाजार में कृत्रिम कमी और अनधिकृत गतिविधियों पर भी नियंत्रण की मांग की गई।
चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में GMDC को उद्योगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाते हुए उनकी जायज मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार आर्थिक संकट के समय केंद्र सरकार ने उद्योगों को राहत दी थी, उसी प्रकार राज्य सरकार की संस्था होने के नाते GMDC को भी उद्योग हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उद्योगपतियों की मांगों पर जवाब देते हुए GMDC अधिकारियों ने बताया कि औद्योगिक डीजल की कीमतों में वृद्धि और तडकेश्वर खदान में समय से पहले हुई बारिश के कारण जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई है। इससे उत्पादन और परिवहन दोनों प्रभावित हुए हैं, जिसके कारण लागत बढ़ने से कीमतों में संशोधन करना पड़ा।
हालांकि, GMDC अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि उद्योगों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए राज्य और केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखा जाएगा तथा मूल्यवृद्धि और आपूर्ति संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में SGTPA के अध्यक्ष जितेंद्रभाई वखारिया, उद्योगपति जे.पी. अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, चैंबर के मानद कोषाध्यक्ष अतुल पटेल, प्रबंध समिति के सदस्य, जीआईडीसी समिति के अध्यक्ष मितुल मेहता सहित बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में SGTPA के वरिष्ठ पदाधिकारी बिनय अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।



