बिजनेस

सूरत में स्नैपडील का सेलर बेस एक साल में करीब तीन गुना बढ़ा

त्योहारों के सीजन से पहले नए विक्रेताओं को तैयार करने के लिए 45-दिन का ‘प्रोजेक्ट गति’ कार्यक्रम शुरू

सूरत। वैल्यू-फैशन केंद्रित ई-कॉमर्स मार्केटप्लेस स्नैपडील ने त्योहारों के आगामी खरीदारी सीजन को ध्यान में रखते हुए नए विक्रेताओं को तैयार करने के लिए 45-दिन के ‘प्रोजेक्ट गति’ कार्यक्रम की शुरुआत की है। कंपनी ने भारतीय उपभोक्ताओं के लिए फैशन उत्पादों की खोज और खरीदारी को अधिक सहज बनाने के उद्देश्य से एआई आधारित कई नए फीचर्स भी पेश किए हैं।

कंपनी के अनुसार, देश के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग और सोर्सिंग हब में उसका सेलर इकोसिस्टम तेजी से विस्तार कर रहा है। सूरत में स्नैपडील के एक्टिव सेलर्स की संख्या पिछले एक वर्ष में करीब तीन गुना हुई है। अब सूरत देशभर में स्नैपडील के कुल एक्टिव सेलर बेस में 27.2 प्रतिशत हिस्सेदारी रखता है, जबकि देश की कुल बिक्री में शहर का योगदान 31.3 प्रतिशत है।

सूरत का मजबूत और विविध मैन्युफैक्चरिंग एवं सोर्सिंग इकोसिस्टम स्नैपडील के प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध फैशन उत्पादों की व्यापक रेंज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यहां के विक्रेता महिलाओं के एथनिक वियर में साड़ी, सलवार सूट, कुर्ती, लहंगा, गाउन और एथनिक फैब्रिक के साथ-साथ पुरुषों और बच्चों के परिधानों की भी विभिन्न वैरायटी उपलब्ध करा रहे हैं।

स्नैपडील के सीईओ अचिंत सेटिया ने बताया कि पिछले एक वर्ष में गुजरात में स्नैपडील के एक्टिव यूजर्स की संख्या भी करीब तीन गुना हुई है। राज्य का योगदान अब देशभर की कुल बिक्री में 34.9 प्रतिशत तक पहुंच गया है। त्योहारों का सीजन शुरू होने और दिवाली तक जारी रहने के मद्देनजर ‘प्रोजेक्ट गति’ में शामिल होने वाले नए सेलर्स को पांच प्रमुख सुविधाएं दी जाएंगी। इनमें जीरो कमीशन के साथ एडवरटाइजिंग क्रेडिट, तेज पेमेंट साइकिल, एआई आधारित कैटलॉगिंग सपोर्ट, ट्रेंड एवं मार्केटप्लेस इनसाइट्स तथा शुरुआती 45 दिनों के दौरान प्राथमिकता के आधार पर सपोर्ट शामिल है।

एडवरटाइजिंग क्रेडिट के जरिए नए विक्रेताओं को अपने उत्पादों की विजिबिलिटी बढ़ाने और शुरुआती ऑर्डर हासिल करने में मदद मिलेगी। वहीं, छोटे पेमेंट साइकिल से उन्हें वर्किंग कैपिटल जल्द प्राप्त होगा, जिससे इन्वेंट्री को तेजी से दोबारा भरने और कारोबार में पुनर्निवेश करने में मदद मिलेगी।

स्नैपडील का ‘SnapList AI’ टूल विक्रेताओं को बेहतर और विस्तृत प्रोडक्ट कैटलॉग तैयार करने में सहायता करेगा। इसके अलावा, विक्रेताओं को फैशन ट्रेंड, ग्राहकों की पसंद, लोकप्रिय प्रोडक्ट फीचर्स, विभिन्न प्राइस पॉइंट और डिमांड ट्रेंड से जुड़े इनसाइट्स उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे वे ग्राहकों की जरूरत के अनुरूप अपने उत्पादों की रेंज तैयार कर सकेंगे।

अचिंत सेटिया ने कहा कि सूरत इस बात का मजबूत उदाहरण है कि मैन्युफैक्चरिंग आधारित कारोबारी इकोसिस्टम किस तरह डिजिटल कॉमर्स के माध्यम से आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि सूरत टेक्सटाइल और फैशन क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान रखता है और अब स्थानीय व्यापारी गुजरात के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों के ग्राहकों तक पहुंचने के लिए ई-कॉमर्स का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सूरत में स्नैपडील के सेलर्स की तेजी से बढ़ती संख्या इस बात का संकेत है कि स्थानीय कारोबारियों के लिए डिजिटल कॉमर्स बाजार विस्तार का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।

स्नैपडील के मुताबिक, वर्तमान में उसके प्लेटफॉर्म पर होने वाले कुल ग्राहक ऑर्डर में से 76 प्रतिशत ऑर्डर कंपनी के एआई आधारित रिकमेंडेशन इंजन ‘StyleMatch’ से प्रभावित होते हैं। यह सिस्टम ग्राहकों के ब्राउजिंग व्यवहार, पिछली खरीदारी, लोकेशन, स्टाइल पसंद और रियल-टाइम इंटरैक्शन के आधार पर उनके शॉपिंग अनुभव को पर्सनलाइज करता है।

कंपनी सेलर और पोस्ट-परचेज कस्टमर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने में भी एआई का इस्तेमाल कर रही है। ‘SnapList AI’ विक्रेताओं को प्रोडक्ट कैटलॉग में अधिक जानकारी जोड़ने, उत्पादों की रेंज में मौजूद कमियों की पहचान करने और कीमतों से संबंधित उपयोगी जानकारी हासिल करने में मदद करता है। वहीं, ‘Pinpoint AI’ एड्रेस संबंधी जानकारी की सटीकता बढ़ाने और ‘Retina AI’ संभावित डिलीवरी जोखिमों की पहचान कर रिटर्न कम करने में मदद करता है।

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button