गुजरातभारतसूरत

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 5 जून को गुजरात दौरे पर : 12,421 करोड़ रुपए की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

हजीरा में 149 करोड़ रुपए के खर्च से बनेगा 6-लेन अंडरपास और फ्लाईओवर, भारी वाहनों की आवाजाही होगी सुगम

गांधीनगर, 04 जून : प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी 5 जून, 2026 यानी विश्व पर्यावरण दिवस पर सूरत-गुजरात के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे के दौरान वे दक्षिण गुजरात क्षेत्र को 12,421 करोड़ रुपए की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भेंट देंगे। श्री मोदी वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे के दो पैकेजों का लोकार्पण करेंगे तथा चार अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्ग की इन परियोजनाओं से दक्षिण गुजरात सहित पूरे राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर होगी तथा स्थानीय आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

7689 करोड़ रुपए के खर्च से तैयार वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे (पैकेज 6 और 7) का लोकार्पण

प्रधानमंत्री के करकमलों से वडोदरा-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 36 किलोमीटर लंबे कीम-एना सेक्शन (पैकेज 6) और 27.50 किलोमीटर लंबाई के गणदेवा से एना सेक्शन (पैकेज 7) का लोकार्पण होगा। इन दोनों पैकेजों का निर्माण 7689 करोड़ रुपए के खर्च से किया गया है। इन दोनों पैकेजों में मेजर ब्रिज, माइनर ब्रिज, रेल रोड ब्रिज, फ्लाईओवर्स और व्हीकल अंडरपास (वीओपी) का व्यापक नेटवर्क तैयार किया गया है।

स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए दोनों पैकेजों में कुल 70 अंडरपास ओर 2 इंटरचेंज बनाए गए हैं। 8 लेन सड़क की शुरुआत होने से इस क्षेत्र में कनेक्टिविटी और मजबूत होगी और त्वरित परिवहन संभव होगा। ड्राइवरों की सुरक्षा और सहूलियत बढ़ाने के लिए इन दोनों पैकेजों पर कुल 7 सुविधा युक्त रेस्ट एरिया बनाए जाएंगे।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर इन दो पैकेजों के शुरू होने से आने वाले माल ढुलाई और तेज होगी तथा भारतमाला परियोजना के लक्ष्य के अनुसार स्थानीय उद्योगों के लिए लॉजिस्टिक्स के खर्च को कम करने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की 4732 करोड़ रुपए के खर्च से चार अन्य परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा, जिनमें एनएच-56 (पैकेज 4) के धमासिया से बिटाडा/मोवी की फोरलेनिंग, एनएच-56 (पैकेज 6) के नसरपोर से मलोथा की फोरलेनिंग, सूरत हजीरा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-53) पर सिक्स लेन वीयूपी यानी व्हीकल अंडरपास (रिलायंस) और वीयूपी कम फ्लाईओवर (कावास) शामिल हैं।

एनएच-56 के अपग्रेडेशन से जनजातीय जिलों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

गुजरात में एनएच-56 के अप्रगेडेशन के अंतर्गत धमासिया-बिटाड़ा और नसारपोर-मलोथा सेक्शन को फोरलेन बनाने से स्टैच्यू ऑफ यूनिटी तथा इस क्षेत्र के जनजातीय जिलों (नर्मदा, तापी, वलसाड, छोटा उदेपुर) तक कनेक्टिविटी बढ़ेगी। ये फोरलेन सड़कें किसानों, उद्योगों और ट्रेड रूट को जोड़कर स्थानीय विकास में योगदान देंगी।

107.67 किलोमीटर की कुल लंबाई की इस फोरलेन सड़क के निर्माण से यात्रा का समय 40 मिनट तक कम हो जाएगा जबकि औसत गति में 75 फीसदी की वृद्धि देखने को मिलेगी। यह फोरलेन सड़क फार्मा, मेडिकल क्लस्टर, फिशिंग सी-फूड क्लस्टर, इस क्षेत्र के जनजातीय जिलों तथा लॉजिस्टिक्स नोड्स (एक एयरपोर्ट, 02 रेलवे स्टेशन और 02 बंदरगाह) को जोड़ेगी।

हजीरा में बनेगा सिक्स लेन का फ्लाईओवर और व्हीकल अंडरपास

राष्ट्रीय राजमार्ग 53 के हजीरा बंदरगाह-सूरत विभाग पर लगभग 149 करोड़ रुपए की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। नए 6-लेन फ्लाईओवर और अंडरपास के निर्माण से हजीरा पोर्ट और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए भारी मालवाहक वाहनों की अवरोध मुक्त एवं त्वरित आवाजाही सुनिश्चित होगी। इससे समुद्री व्यापार और औद्योगिक विकास के साथ-साथ सूरत के स्थानीय लोगों को सुरक्षित और यातायात जाम से मुक्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस फ्लाईओवर और अंडरपास के निर्माण से हजीरा बंदरगाह के निकट स्थित भारी औद्योगिक क्षेत्र में भीड़ कम होगी और सुगम परिवहन सुनिश्चित होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button