धर्म- समाज

अहिंसा के मार्ग पर चलना महावीरता की बात : आचार्य महाश्रमण

नमस्कार महामंत्र के सपादि कोटि जप के अनुष्ठान भी महातपस्वी के आशीष से प्रारम्भ

सूरत (गुजरात) : जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के वर्तमान अधिशास्ता, युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के पावन सानिध्य में भगवान महावीर यूनिवर्सिटी संयम विहार के प्रांगण में विभिन्न धार्मिक उपक्रमों का समायोजन हो रहा है। आज 1 अगस्त 2024 गुरुवार से नमस्कार महामंत्र के सपाद कोटि जप अनुष्ठान का क्रम प्रारम्भ हुआ । पूज्य आचार्यश्री ने स्वयं नमस्कार महामंत्र का जप कराया और जप में संभागी बनने वाले लोगों को मंगलपाठ भी सुनाया। एक महीने तक चलने वाले इस अनुष्ठान में सवा करोड़ नमस्कार महामंत्र का जप किया जाएगा।

आज महावीर समवसरण में उपस्थित श्रद्धालुओं को युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी ने आयारो आगम के माध्यम से पावन पाथेय प्रदान करते हुए कहा कि अहिंसा एक महान मार्ग है। मनुष्य के सामने दो मार्ग है। एक हिंसा का मार्ग है, दूसरा अहिंसा का मार्ग है। हिंसा के मार्ग पर चलने से अशांति प्राप्त हो सकती है, दुःख की प्राप्ति होती है। दुःख हिंसा से प्रसूत होते हैं। अहिंसा का मार्ग स्वयं को भी दुःख से बचाने वाला और दूसरों को भी सुख प्रदान करने वाला होता है। आगम में बताया गया कि अहिंसा के मार्ग पर तो वीर पुरुष और पराक्रमी होते हैं, वहीं चलने का साहस कर सकते हैं।

युद्ध के मैदान में डटे रहने वाले वीर होते हैं। जो डरपोक होता है, वह तो युद्ध के प्रांगण में खड़ा भी नहीं हो पाता। जो युद्ध के मैदान में डट जाता है, वह वीर होता है। अहिंसा के मार्ग चलने वाला मानों उससे भी बड़ा वीर महावीर होता है। अहिंसा के लिए अभय की भावना होनी चाहिए। सक्षमता होते हुए भी किसी को क्षमा कर देना, कितनी बड़ी वीरता की बात होती है। इस प्रकार तीन प्रकार की श्रेणियां बनती हैं, एक तो कायरता के कारण समरांगण में जाता ही नहीं, दूसरी जो समरांगण में जाकर डट जाता है और एक अहिंसात्मक वीरता जो क्षमता होते हुए भी अभय का दान दे दे। अहिंसा वाली वीरता सबसे ऊंची होती है। इसलिए आगम में कहा गया कि जो महावीर होते हैं, वे इस अहिंसा के मार्ग पर चल सकते हैं। अहिंसा के लिए निर्भिकता, अभय की भावना का विकास होना चाहिए। युगप्रधान आचार्यश्री महाश्रमणजी ने एक कथानक के माध्यम से बताया कि क्षमता होने पर भी किसी को अभय का दान दे देना परम वीरता की बात होती है।

अहिंसा की एक नीति भी है। अहिंसा की नीति परम सुखप्रदायक होती है। हमारे देश में यह नीति है कि हम चलाकर किसी पर आक्रमण नहीं करने की भावना कितनी बड़ी अहिंसा की बात हो सकती है। इस प्रकार आदमी के विचारों में अहिंसा का प्रभाव रहे। देश की नीति, न्याय व व्यवस्था में भी अहिंसा, समता और शांति हो, ऐसा प्रयास करना चाहिए।

1 अगस्त से 31 अगस्त तक चतुर्मास प्रवास स्थल में चलने वाले नमस्कार महामंत्र के सवा करोड़ जप अनुष्ठान के शुभारम्भ के संदर्भ में आचार्यश्री ने उपस्थित संभागियों को श्रीमुख से नमस्कार महामंत्र के जप का प्रारम्भ कराया तथा जप के संदर्भ में प्रेरणा प्रदान करते हुए मंगलपाठ भी सुनाया। तदुपरान्त आचार्यश्री ने ऊपरला व्याख्यान के क्रम को प्रारम्भ किया। तत्पश्चात सूरत के तेरापंथ किशोर मण्डल व तेरापंथ कन्या मण्डल ने पृथक्-पृथक् चौबीसी के गीतों का संगान किया।

जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के वर्तमान अधिशास्ता, युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के दर्शन लाभ एवं चर्चा करते हुए उद्यमी सांवरमल प्रसाद बुधिया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button