धर्म- समाज

सनातन धर्म विश्व का सबसे पुराना धर्म, सभी को मिलकर धर्म रक्षा में लगना चाहिए : आचार्य रामकुमार पाठक

विश्व जागृति मिशन सूरत मंडल बालाश्रम में धर्म जागरण अभियान एवं भक्ति सत्संग का हुआ आयोजन

सूरत। विश्व जागृति मिशन सूरत मंडल बालाश्रम में आचार्य रामकुमार पाठक के सानिध्य में दिनांक 1/10/2023 को सुबह 10.30 से 1.30 बजे तक धर्म जागरण अभियान एवं भक्ति सत्संग सभा का आयोजन किया गया। आचार्यजी ने अपने प्रवचन में धर्म जागृति के बारे में विस्तार से बताया और मनुष्य के जीवन में गुरु का महत्व बताते हुए कहा कि गुरु से ही जीवन में धर्म, भक्ति एवं भगवत प्राप्ति होती है। जीवन जीने की सच्ची राह गुरु ही दिखाते हैं।

आचार्यजी ने कहा कि आज जरुरत है लोगो को धर्म से जुड़े एवं सनातन धर्म की रक्षा हेतु सभी एकजुट होकर आगे आएं। वेदों में वर्णित धर्मों रक्षति रक्षितः यानी धर्म की रक्षा करोगे तो ही धर्म आप की रक्षा करेगी। सनातन धर्म के अनुयायियों और उनकी संस्कृति पर विधर्मी प्राचीन काल से ही हमला करते आ रहे हैं फिर भी यह धर्म फल फूल रहा है और विदेशों में भी सनातन धर्म को लोग अपना रहे हैं वो भी बिना किसी जोर जबरदस्ती और लालच के। सनातन धर्म विश्व का सबसे पुराना धर्म है। इसलिए सभी को मिलकर धर्म रक्षा में लगना चाहिए।

आचार्यजी के सानिध्य में रविवार को बालाश्रम में श्रद्धा पर्व का आयोजन किया गया। इस दरम्यान समाज के बुजुर्गों का सम्मान किया गया। उन्हों ने कहा कि श्रद्धा पर्व के आयोजन का उद्देश्य भी धर्म से जुड़ा है। आज के समय में श्राद्ध पक्ष में लोग पितरों के लिए श्राद्ध तो करते हैं लेकिन जीवित माता-पिता यानी बुजुर्गों का अनादर भी हो रहा है। कुछ लोग बुजुर्ग माता-पिता को निराश्रित छोड़ देते हैं अथवा वृद्धाश्रम में डाल देते हैं। जो सनातन धर्म के लिए अशोभनीय है। ऐसे में समाज के बुजुर्गों का भी सम्मान हो।

उन्होंने दिल्ली में होने वाले लक्ष्मी गणेश यज्ञ में बड़ी संख्या में सूरत से लोग दिल्ली पहुंचे इसके लिए सभी को सूचित किया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने वीडियो द्वारा परम पूज्य लोक विख्यात संत सद्गुरुदेव सुधांशुजी महाराज का संदेश एवं आशीर्वाद प्राप्त कर सब धन्य हो गए। कार्यक्रम में लगभग 200 से 250 गुरुभक्त एवं धर्म प्रेमी जन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम बहुत पवित्र, भक्तिमय और अच्छा रहा। साथ में श्रद्धा पर्व महोत्सव भी मनाया गया, जिसमें सूरत के समाजसेवी, प्रतिष्ठित, सहयोगी लोगों का संस्था के पदाधिकारी, बालाश्रम के बच्चों एवं दीक्षित भाई बहनों द्वारा सम्मान किया गया।

सूरत के डेप्युटी मेयर धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी, सीडब्ल्यूसी सूरत गुजरात सरकार के अधिकारी गण वीजेएम सूरत मंडल के अध्यक्ष गोविंद डांगरा एवं सभी कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने आचार्यजी का फूल माला एवं शॉल अर्पण करके स्वागत सम्मान किया। पूज्य सदगुरुदेवजी का हम सब पर आशीर्वाद सदा बना रहे ऐसी कामना करते हैं। भोजन प्रसाद भंडारा के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button