
सूरत : फोस्टा चुनाव संबंधित बोर्ड मीटिंग 22 को, इन मुद्दों पर होगी चर्चा
मीटिंग चुनाव संबंधित अहम निर्णय लिए जाएंगे
सूरत। फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन ( फोस्टा ) की आगामी बोर्ड मीटिंग 22 अप्रैल को आयोजित की जाएगी, जिसमें फोस्टा के आगामी चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने प्रस्तावित हैं।
वर्तमान वर्ष 2026 फोस्टा चुनाव का वर्ष है। फोस्टा के संविधान के अनुसार प्रत्येक 3 वर्ष में चुनाव आयोजित किए जाने हैं। इसी क्रम में वर्तमान कार्यकारिणी समिति का कार्यकाल जुलाई 2026 में पूर्ण हो रहा है, जिसे ध्यान में रखते हुए चुनाव प्रक्रिया को लेकर आवश्यक निर्णय इस बोर्ड मीटिंग में लिए जाएंगे।
फोस्टा द्वारा पूर्व में सभी टेक्सटाइल मार्केट्स को पत्र भेजकर प्रत्येक मार्केट से एक-एक मतदाता के नाम आमंत्रित किए गए हैं। इन चयनित मतदाताओं को फोस्टा चुनाव में संबंधित मार्केट का प्रतिनिधित्व करते हुए मतदान का अधिकार रहेगा।
फोस्टा के अध्यक्ष कैलाश हाकिम ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2023 में गठित समिति द्वारा यह निर्णय लिया गया था कि हर तीन वर्ष में नियमित रूप से चुनाव आयोजित किए जाएंगे। उसी निर्णय के अनुसार अब आगामी चुनावों की घोषणा शीघ्र की जाएगी।
उन्होंने आगे बताया कि आगामी बोर्ड मीटिंग में चुनाव की तिथि, समय-सीमा, चुनाव अधिकारी की नियुक्ति एवं अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं पर विस्तृत चर्चा कर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।



