
बारडोली/सूरत। सूरत जिले के बारडोली तहसील क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (एसटी) की दो बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद एक बस में भीषण आग लगने से सात यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 42 अन्य यात्री घायल हो गए। घायलों में सात की हालत गंभीर होने पर उन्हें सूरत न्यू सिविल अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना मंगलवार शाम करीब 4:30 बजे बारडोली तहसील के उवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि सड़क पर पहले से एक टैंकर पलटा हुआ था। इसी टैंकर को बचाने के प्रयास में सूरत से धुलिया जा रही महाराष्ट्र रोडवेज की बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से आ रही अमलनेर डिपो की बस से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि अमलनेर से सूरत आ रही बस पलट गई और उसमें अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। घटनास्थल पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही बारडोली दमकल विभाग, स्थानीय पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें एम्बुलेंस के साथ मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, तहसीलदार, एसडीएम और पुलिस अधीक्षक (एसपी) भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
जले शवों की पहचान के लिए होगा डीएनए टेस्ट
जिला कलेक्टर तेजस पटेल ने बताया कि हादसे में अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। सभी शव बुरी तरह झुलस गए हैं, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। मृतकों की शिनाख्त के लिए डीएनए परीक्षण कराया जाएगा।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार 42 घायल यात्रियों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 17 का इलाज बारडोली सीएचसी समेत स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है, जबकि सात गंभीर घायलों को सूरत न्यू सिविल अस्पताल भेजा गया है।
घायलों के नाम
- सफन्डे नामदेव चित्रा (बस कंडक्टर)
- किरीट कनु गामित (26)
- वसंत मगन पाटिल (42)
- सरला संतोष जाधव (54)
- माया गणेश कुंभार (28)
- सुरेश आत्माराम पाटिल (65)
- कमला शुक्ला मिस्त्री (60)
- राजेंद्र भिवषण महाजन (57)
- दगडू सोनू माली (42)
- हंसराज हिम्मत पवार (52)



