बिजनेससूरत

सूरत के ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026 में 600 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार, 35 हजार विजिटर्स पहुंचे

सूरत के टेक्सटाइल उद्योग के लिए आने वाले समय में सकारात्मक संकेत

सूरत। द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से 26 से 28 जून तक ग्लोबल फैब्रिक एक्सपो-2026 का आयोजन सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में किया गया। तीन दिवसीय प्रदर्शनी का रविवार को भव्य समापन हुआ। आयोजकों के अनुसार, प्रदर्शनी में शामिल एग्जीबिटर्स को स्पॉट और संभावित ऑर्डर्स मिलाकर 600 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार प्राप्त हुआ।
चैंबर के अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने बताया कि एक्सपो का उद्देश्य देश-विदेश के फैब्रिक निर्माताओं, टेक्सटाइल उद्योगपतियों, गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स, फैशन डिजाइनर्स, निर्यातकों और थोक व्यापारियों को एक मंच पर लाना था, जिसमें चैंबर को बड़ी सफलता मिली।

जयपुर, जोधपुर, इरोड, पुणे, वाराणसी, ग्वालियर, हैदराबाद, बेंगलुरु, चंडीगढ़, लुधियाना, कोलकाता, लखनऊ, चेन्नई, मुंबई और दिल्ली सहित देश की प्रमुख कपड़ा मंडियों से 2,500 से अधिक जेन्युइन खरीदार और कई कॉर्पोरेट हाउस के परचेज मैनेजर प्रदर्शनी में पहुंचे।
उन्होंने बताया कि पहले दो दिनों में 20 हजार विजिटर्स ने एक्सपो का दौरा किया, जबकि रविवार को अवकाश होने के कारण करीब 15 हजार लोग पहुंचे। इस तरह तीन दिनों में कुल 35 हजार से अधिक विजिटर्स ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

एक्सपो के चेयरमैन डॉ. हरेश पटेल ने बताया कि खरीदारों में नवीनतम तकनीक आधारित विस्कोस फैब्रिक पर पोजिशन प्रिंट, एयरजेट मशीन पर बने साल्सा प्लेन और साल्सा बूटी फैब्रिक्स को लेकर विशेष रुचि रही। इसके अलावा नायलॉन फैब्रिक, वॉटरजेट लूम्स पर तैयार होम फर्निशिंग के प्लेन और डॉबी फैब्रिक्स की भी अच्छी मांग देखने को मिली।

उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के दौरान वॉटरजेट वैल्यू एडिशन फैब्रिक्स और डेनिम फैब्रिक्स को लेकर गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स ने व्यापक पूछताछ की। खरीदारों से मिले उत्साहजनक प्रतिसाद के चलते एग्जीबिटर्स को लगभग 600 करोड़ रुपये से अधिक का स्पॉट और संभावित कारोबार प्राप्त हुआ, जो सूरत के टेक्सटाइल उद्योग के लिए आने वाले समय में सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button