
सूरत : भेस्तान में 25 हजार पौधों का महा वृक्षारोपण, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑक्सीजन पार्क जनता को समर्पित
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल की उपस्थिति में मियावाकी पद्धति से हुआ पौधरोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को मिला नया आयाम
सूरत। पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के उद्देश्य से सूरत महानगरपालिका द्वारा आयोजित मेगा वृक्षारोपण अभियान के तहत रविवार को भेस्तान-डिंडोली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑक्सीजन पार्क में मियावाकी पद्धति से 25 हजार पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने विधिवत पौधरोपण कर अभियान की स्मृति पट्टिका का अनावरण किया तथा आधुनिक ऑक्सीजन पार्क को जनता को समर्पित किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल आज की आवश्यकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित होकर इस महाअभियान को सफल बनाने वाले सभी लोगों को बधाई दी।
पार्क में जापानी मियावाकी पद्धति के माध्यम से 40 से अधिक स्थानीय प्रजातियों के 25 हजार पौधे लगाए गए हैं, जिनमें नीम, पीपल, जामुन, आंवला, शहतूत, सीताफल, सहजन, बोरसली सहित अनेक ऑक्सीजन प्रदान करने वाले पौधे शामिल हैं।

कार्यक्रम में विधायक मनुभाई पटेल, संगीताबेन पाटिल, प्रवीणभाई घोघारी, उपमहापौर सुधाकर चौधरी, स्थायी समिति के अध्यक्ष राजन पटेल, शासक पक्ष की नेता अल्पाबेन मेहता, दंडक उर्मिलाबेन त्रिपाठी, शहर संगठन अध्यक्ष परेश पटेल, मनपा के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, पर्यावरण प्रेमी, नेचर क्लब सूरत, ग्रीन आर्मी चैरिटेबल ट्रस्ट, सूरत वन फाउंडेशन के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
ऑक्सीजन पार्क में लगाए गए पौधों के अलावा नागरिकों को घरों में पौधारोपण के लिए 5 हजार पौधे नि:शुल्क वितरित किए गए। अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ भी दिलाई गई। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और पुलिसकर्मियों ने भी उत्साहपूर्वक पौधरोपण में भाग लिया।



