बिजनेससूरत

पीएम-एसईटीयू को मिली देशभर में विस्तार की मंजूरी, सूरत आईटीआई क्लस्टर के उन्नयन में AM/NS इंडिया करेगी 240.18 करोड़ का निवेश

1,237.58 करोड़ रुपये की रणनीतिक निवेश योजनाओं को मंजूरी, 200 आईटीआई क्लस्टरों में उद्योग आधारित कौशल विकास को मिलेगा बढ़ावा

सूरत। प्रधानमंत्री कौशल विकास एवं नियोजनीयता सुधार कार्यक्रम (पीएम-एसईटीयू) के तहत देशभर के 200 चिन्हित आईटीआई क्लस्टरों में योजना के विस्तार को मंजूरी मिल गई है। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की सचिव देबाश्री मुखर्जी की अध्यक्षता में आयोजित चौथी राष्ट्रीय संचालन समिति (एनएससी) की बैठक में 1,237.58 करोड़ रुपये की रणनीतिक निवेश योजनाओं (एसआईपी) को स्वीकृति दी गई। इन योजनाओं में गुजरात के लिए आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया (AM/NS India) को एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में मंजूरी दी गई है।

गुजरात में गवर्नमेंट आईटीआई सूरत को मुख्य केंद्र बनाया गया है। इसके साथ गवर्नमेंट आईटीआई हजीरा, बारडोली, सचिन और गवर्नमेंट आईटीआई सूरत (महिला) को सहायक संस्थान के रूप में शामिल किया गया है। इस क्लस्टर के उन्नयन के लिए AM/NS इंडिया 240.18 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

कंपनी इस परियोजना को न्यू एज मेकर्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NAMTECH) के सहयोग से लागू करेगी। इसका उद्देश्य उद्योग की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक प्रशिक्षण, उन्नत बुनियादी ढांचा और भविष्य के लिए तैयार कौशल प्रदान कर युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पीएम-एसईटीयू को पायलट चरण से आगे बढ़ाकर पूरे देश में लागू किया जाएगा। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उद्योग की भागीदारी और स्थानीय आवश्यकताओं के आधार पर योजना के क्रियान्वयन की सुविधा मिलेगी। साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (पीएसयू) की भागीदारी बढ़ाने और संस्थागत व्यवस्था को मजबूत करने पर भी सहमति बनी।

क्या है पीएम-एसईटीयू?

पीएम-एसईटीयू केंद्र सरकार की प्रमुख कौशल विकास योजना है, जिसका उद्देश्य आईटीआई संस्थानों का आधुनिकीकरण, उद्योगों के साथ मजबूत साझेदारी, आधुनिक पाठ्यक्रम, उन्नत प्रशिक्षण सुविधाएं और युवाओं के लिए बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के माध्यम से उद्योग आधारित प्रशिक्षण को बढ़ावा देकर भारत के विनिर्माण और औद्योगिक विकास के लिए कुशल कार्यबल तैयार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button