
मूसलाधार बारिश में फँसे यात्रियों के लिए महावीर इंटरनेशनल बना सहारा, सूरत स्टेशन पर 500 भोजन पैकेट व 1000 पानी की बोतलों का वितरण
सूरत। अहमदाबाद–मुंबई रेल मार्ग पर भारी वर्षा के कारण रेल सेवाएं प्रभावित होने से सूरत रेलवे स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री फँस गए। ऐसी विषम परिस्थिति में महावीर इंटरनेशनल, मुख्य शाखा–सूरत ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए राहत एवं सेवा कार्य का सफलतापूर्वक संचालन किया।
सीसीआईएम सूरत रेलवे स्टेशन के गणेश जाधव के अनुरोध पर संस्था ने तत्काल राहत अभियान शुरू किया। सेवा कार्य के तहत यात्रियों के लिए 500 भोजन पैकेट तैयार किए गए, जिनमें 6 पूड़ी, सब्जी और अचार शामिल था। इसके अलावा 1000 पानी की बोतलों तथा 1000 बिस्किट पैकेटों का भी वितरण किया गया, जिससे स्टेशन पर फँसे यात्रियों को काफी राहत मिली।
यह सेवा कार्य 6 जुलाई 2026 की रात्रि लगभग 10:00 बजे संस्था के सेक्रेटरी वीर नरेश लालवानी एवं वीर प्रणव दिनेश जैन के नेतृत्व में संपन्न हुआ। दोनों स्वयं सूरत रेलवे स्टेशन पहुँचे और अपने हाथों से भोजन एवं आवश्यक सामग्री वितरित कर सेवा भाव का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया।
महावीर इंटरनेशनल, मुख्य शाखा–सूरत ने एक बार फिर यह सिद्ध किया कि आपदा एवं आवश्यकता की घड़ी में संस्था सदैव समाज के साथ खड़ी रहती है। संस्था का मूल मंत्र “मानव सेवा ही सच्ची सेवा है” इस सेवा अभियान में साकार रूप में दिखाई दिया।
संस्था के चेयरमैन वीर सीए दिनेश जैन ने सेवा कार्य में सहयोग देने वाले सभी स्वयंसेवकों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी महावीर इंटरनेशनल समाजहित के ऐसे कार्यों के लिए निरंतर तत्पर रहेगा।



