
साकेत की पहल : जरूरतमंद परिवार को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास
सूरत। उधना के चीकूवाड़ी क्षेत्र में एक जरूरतमंद परिवार को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल की गई। परिवार के दिव्यांग को स्वरोजगार से जोड़कर अपने पैरों पर खड़ा करने के उद्देश्य से साकेत ग्रुप के ‘सेवा ही लक्ष्य’ संकल्प के तहत छोटू पाटिल की प्रेरणा से स्टीम हाउस के सहयोग से स्टॉल भेट किया गया। इस पहल से दिव्यांग को रोजगार का अवसर मिलने के साथ परिवार को आर्थिक रूप से मजबूत होने की उम्मीद जगी है।
शहर भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष छोटू पाटिल ने बताया कि जरूरतमंद परिवार की परिस्थितियों को देखते हुए यह स्टॉल साकेत ग्रुप के अध्यक्ष सावंरलालजी बुधियाजी की प्रेरणा से स्टीम हाउस के सहयोग से उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद परिवार को केवल आर्थिक सहायता देने के बजाय उसे रोजगार का अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना अधिक प्रभावी सेवा है। इसी उद्देश्य से दिव्यांग को व्यवसाय शुरू करने के लिए स्टॉल दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बन सकती है। दिव्यांग व्यक्ति को सम्मान के साथ रोजगार का अवसर मिलने से उसका आत्मविश्वास बढ़ेगा और परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
इस अवसर पर वार्ड नंबर 24 के पार्षद एवं सूरत महानगरपालिका ड्रेनेज कमेटी के चेयरमैन रवींद्र खैरनार, पार्षद केयूर पटेल, भावना शाह एवं पंकज जाधव सहित वार्ड नंबर 24 के पदाधिकारी, सोसायटी के निवासी और लाभार्थी परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद परिवार को हरसंभव सहयोग देने और समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ने के संकल्प को दोहराया गया। उपस्थित लोगों ने दिव्यांग सदस्य को रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की इस पहल की सराहना की।



