बिजनेस

चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला गुजरात इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन की स्टेट एडवाइजरी कमेटी के सदस्य नियुक्त

दक्षिण गुजरात के उद्योगों को प्रतिस्पर्धी दरों पर विश्वसनीय बिजली उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं को प्रभावी मंच दिलाने के लिए रहेंगे प्रतिबद्ध

सूरत। दक्षिण गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष अशोक जीरावाला को गुजरात इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन की महत्वपूर्ण स्टेट एडवाइजरी कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति दक्षिण गुजरात के उद्योग जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

इलेक्ट्रिसिटी एक्ट-2003 के तहत गठित यह हाई-पावर कमेटी गुजरात इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन को बिजली क्षेत्र से जुड़ी नीतियों, नियामकीय मामलों और सुधारों पर महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन प्रदान करती है। समिति में उद्योग, व्यापार, कृषि, उपभोक्ता हित, बिजली वितरण कंपनियों, शिक्षा तथा ऊर्जा अनुसंधान सहित विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ और प्रतिनिधि शामिल हैं।

नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला ने कहा कि GERC की स्टेट एडवाइजरी कमेटी में सदस्य के रूप में सेवा करने का अवसर पूरे दक्षिण गुजरात के उद्योग जगत के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि वे दक्षिण गुजरात के व्यापार एवं उद्योगों से जुड़े बिजली आपूर्ति संबंधी मुद्दों और पावर सेक्टर में आवश्यक सुधारों के सुझावों को इस सर्वोच्च मंच पर प्रभावी ढंग से उठाएंगे।

उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल, डायमंड और MSME सेक्टर के उद्योगों को गुणवत्तापूर्ण, निर्बाध और प्रतिस्पर्धी दरों पर बिजली उपलब्ध कराने के साथ-साथ राज्य के बिजली क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे सकारात्मक भूमिका निभाएंगे।

अशोक जीरावाला की इस नियुक्ति का दक्षिण गुजरात के उद्योग जगत ने स्वागत किया है। उद्योगपतियों का मानना है कि इससे स्थानीय उद्यमियों और राज्य की नियामक संस्था के बीच संवाद अधिक पारदर्शी, प्रभावी और परिणामोन्मुख बनेगा। चैंबर ने भी राज्य में उद्योगों के सतत विकास, उद्योग-अनुकूल नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सरकार एवं नियामक संस्थाओं के साथ निरंतर सहयोग जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button