बिजनेससूरत

7 सितंबर से प्रस्तावित प्रोसेसिंग रेट वृद्धि के विरोध में कपड़ा व्यापारियों की बैठक

व्यापारियों ने फोस्टा से हस्तक्षेप कर रेट वृद्धि स्थगित कराने की मांग की, कहा- बिना चर्चा लिया गया निर्णय व्यापार हित में नहीं

सूरत। रिंगरोड स्थित मिलेनियम मार्केट के फोस्टा कार्यालय के बोर्ड रूम में बुधवार, 2 सितंबर 2026 को विभिन्न टेक्सटाइल मार्केटों के कपड़ा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रोसेसर्स एसोसिएशन द्वारा 7 सितंबर से प्रस्तावित प्रोसेसिंग रेट में वृद्धि को लेकर व्यापारियों ने कड़ा विरोध जताया।

व्यापारियों ने कहा कि मौजूदा व्यापारिक परिस्थितियों को देखते हुए प्रोसेसिंग रेट बढ़ाने का निर्णय उचित एवं न्यायसंगत नहीं है। उनका कहना था कि रेट वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण निर्णय से पहले प्रोसेसर्स एसोसिएशन को फोस्टा और कपड़ा व्यापारियों के साथ चर्चा करनी चाहिए थी। सभी संबंधित पक्षों की परिस्थितियों को समझने के बाद ही किसी प्रकार का निर्णय लिया जाना चाहिए।

एकतरफा निर्णय का लगाया आरोप

बैठक में व्यापारियों ने कहा कि बिना उचित चर्चा और सहमति के रेट में वृद्धि करना व्यापारिक हितों के विपरीत है। उन्होंने इसे एकतरफा निर्णय बताते हुए कहा कि टेक्सटाइल कारोबार से जुड़े व्यापारियों और प्रोसेसर्स के बीच आपसी समन्वय एवं संवाद बनाए रखना बेहद जरूरी है।

फोस्टा से तत्काल हस्तक्षेप की मांग

व्यापारियों ने फोस्टा से मांग की कि वह प्रोसेसर्स एसोसिएशन के साथ तत्काल बातचीत करे और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए 7 सितंबर से प्रस्तावित प्रोसेसिंग रेट वृद्धि को फिलहाल स्थगित करवाए। व्यापारियों का कहना था कि सभी संबंधित पक्षों के साथ चर्चा के बाद सर्वसम्मति से ही रेट को लेकर कोई निर्णय लिया जाना चाहिए।

प्रोसेसर्स एसोसिएशन को फोस्टा ने लिखा पत्र

मामले को लेकर फोस्टा की ओर से प्रोसेसर्स एसोसिएशन को पत्र भी भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि रेट वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण निर्णय संस्था को साथ लेकर किए जाने चाहिए, ताकि व्यापारियों और प्रोसेसर्स के बीच आपसी समन्वय बना रहे। साथ ही, किसी भी निर्णय से टेक्सटाइल कारोबार और व्यापारिक गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसका भी ध्यान रखा जाना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button