
पेरिस में मंदिर महोत्सव के तहत वैदिक महायज्ञ का शुभारंभ
महंत स्वामी महाराज की पावन उपस्थिति में विश्वशांति और सर्वकल्याण के लिए दी गई आहुतियां
पेरिस/बुसी-सेंट-जॉर्जेस। फ्रांस के प्रथम पारंपरिक हिंदू मंदिर के ऐतिहासिक लोकार्पण से पूर्व बुधवार, 2 सितंबर को परम पूज्य महंत स्वामी महाराज की पावन उपस्थिति में वैदिक महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। पेरिस मंदिर महोत्सव के अंतर्गत आयोजित यह महायज्ञ 2 से 14 सितंबर तक चलेगा। इसमें विश्व के विभिन्न देशों से आए परिवार प्रार्थना, भक्ति और सेवा की भावना के साथ सहभागी बन रहे है
महायज्ञ के दौरान विश्वभर से आए यजमानों और श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञकुंड में आहुतियां अर्पित कीं। यज्ञविधि के माध्यम से विश्वशांति, सुख-समृद्धि और सभी के कल्याण के लिए प्रार्थना की गई।
हिंदू परंपरा में यज्ञ को प्राचीन उपासना-विधि माना गया है। इसके माध्यम से भगवान के प्रति कृतज्ञता, भक्ति और समस्त जीवों के कल्याण की भावना व्यक्त की जाती है। नए मंदिर के लोकार्पण से पहले आयोजित यह महायज्ञ मंदिर परिसर को पवित्र करने के साथ ही श्रद्धालुओं को इस ऐतिहासिक अवसर के लिए आध्यात्मिक रूप से तैयार करने वाली महत्वपूर्ण धार्मिक विधि है।
महंत स्वामी महाराज ने यज्ञस्थल पर पहुंचकर प्रार्थना की और उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा, “पेरिस मंदिर मूर्तिप्रतिष्ठा के निमित्त यहाँ विश्वशांति महायाग हो रहा है। तो प्रार्थना करें कि पूरे विश्व में सुख-शांति रहे, संप का वातावरण रहे। पेरिस के सभी हरिभक्त तन-मन-धन से बहुत सुखी हों।”
महंत स्वामी महाराज की पावन उपस्थिति से वैदिक महायज्ञ का आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष और स्मरणीय बन गया। मंदिर महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में भी विभिन्न देशों से आए भक्तों की सहभागिता रहेगी।



