प्रादेशिक

उत्तर भारतीय संघ भवन में समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह का भव्य सम्मान

बाटी चोखा के साथ स्नेह सम्मेलन संपन्न

मुंबई। बारिश की रिमझिम फुहारों के बीच बांद्रा पूर्व स्थित उत्तर भारतीय संघ भवन में बाटी-चोखा स्नेह सम्मेलन मनाया गया। इस अवसर पर उद्योगपति- समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह का भव्य सम्मान किया गया। उत्तर भारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने बताया कि उत्तरभारतीय समाज को एकजुटता के सूत्र में पिरोने के मकसद से आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोगों ने बाटी-चोखा का स्वाद लिया।

इसी मौके पर उत्तर भारतीय संघ की तरफ से संचालित असल्फा हिंदी बाल विद्यालय परिसर में अमरावती श्रीनाथ सिंह इंग्लिश मीडियम स्कूल का शुभारंभ भी किया गया। समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने अपने माता-पिता की स्मृति में इंग्लिश मीडियम स्कूल शुरू करने के लिए 51 लाख रुपए का विशेष दान किया है। साथ ही इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को हर साल पाठ्य सामग्री और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने का वादा किया।

सत्कार मूर्ति ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि बाबू आरएन सिंह की सोच थी कि समाज से जो मिला.. उसे समाज को लौटाया जाए। बाबूजी के सपनों को पूरा करने का काम संतोष आरएन सिंह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की राजधानी नई दिल्ली में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के लोग रहते हैं, ऐसे में वहां भी उत्तर भारतीय संघ भवन बनना चाहिए।

उत्तरभारतीय संघ के अध्यक्ष संतोष आरएन सिंह ने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि एमएमआर रीजन में समाज के आखिरी पंक्ति के व्यक्ति का जब तक उद्धार नहीं हो जाता..तब तक चैन से नहीं बैठेंगे।

भाजपा नेता कृपाशंकर सिंह ने कहा कि यह ज्ञान प्रकाश सिंह का नहीं.. जौनपुरवासियों का सम्मान है। उन्होंने कहा कि संतोष आरएन सिंह बेहतर तरीके से बाबू आरएन सिंह की तरफ से शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। भाजपा विधायक राजहंस सिंह ने कहा कि मुंबई में 12-14 घंटे मेहनत करते हुए उत्तर भारतीय समाज ने अपना मुकाम बनाया है। इसी तरह ज्ञान प्रकाश सिंह ने भी मेहनत से अपना स्थान बनाया है।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद हरिवंश सिंह, शिक्षाविद डॉ. राजेंद्र सिंह, शारदा प्रसाद सिंह, राधेश्याम तिवारी, अच्छेवर तिवारी, द्वारका प्रसाद मिश्रा, मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह, पवन त्रिपाठी, उत्तर भारतीय संघ युवा मोर्चा के अध्यक्ष संजय सिंह, गीता सिंह, वरिष्ठ पत्रकार अनुराग त्रिपाठी, मुंबई भाजपा के प्रवक्ता उदय प्रताप सिंह, आरटीआई कार्यकर्ता अनिल गलगली, डॉ. किशोर सिंह, मनोज सिंह, रमाकांत सिंह, विनोद मिश्रा, बलवंत सिंह, अनिल सिंह, महेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button