
श्री हनुमान जन्मोत्सव पर विशाल भजन संध्या का भव्य आयोजन
10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने लिया महाप्रसादी का लाभ
सूरत। श्री घण्टियाला बालाजी मंडल (रजि.) द्वारा 17वें श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रविवार को श्री घण्टियाला बालाजी धाम, लैंडमार्क एम्पायर मार्केट, कड़ोदरा रोड स्थित मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। आयोजन के तहत अखण्ड ज्योत, श्रृंगारित दरबार दर्शन, छप्पन भोग, 451 सवामणी, विशाल भजन संध्या एवं महाप्रसादी का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ, जिसमें शहर सहित आसपास क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में लोकप्रिय लोक भजन गायिका आशा वैष्णव ने अपने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। देर रात तक चली भजन संध्या में जय श्री बालाजी के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। अखण्ड ज्योत एवं सजे हुए दरबार के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं तथा 10 हजार से अधिक भक्तों ने महाप्रसादी का लाभ प्राप्त किया।
मंडल के प्रकाश राठी ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा। भामाशाहों के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम सफल रहा, जिसमें बिल्डर माधवजी भाई पटेल का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने बताया कि मंडल द्वारा प्रत्येक शनिवार को संगीतमय श्री सुन्दरकाण्ड पाठ का नियमित आयोजन किया जाता है तथा परवत पाटिया मगोब स्थित श्री घण्टियाला बालाजी मंदिर में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं।

कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर अनुपमसिंह गहलोत, विश्व हिन्दू परिषद के महामंत्री विक्रमसिंह भाटी, जोगेंद्र शर्मा, दिनेश राजपुरोहित, माजीसा धाम अध्यक्ष पुखराज संकलेचा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता में संस्था के हेमराज राठी, किशोर केला, चम्पालाल भाटी, मनीष लद्धड़ सहित मंडल के कार्यकर्ताओं एवं शहर की विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संस्थाओं के सदस्यों का सराहनीय सहयोग रहा।
इस अवसर पर 27 अप्रैल को गौ सम्मान दिवस के तहत अधिक से अधिक लोगों से कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर गौ संरक्षण के समर्थन में ज्ञापन देने का आव्हान भी किया गया। धार्मिक उत्साह और भक्तिभाव के बीच सम्पन्न हुए इस आयोजन ने क्षेत्र में आस्था एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया।



