
सूरत। दिवाली और भाई बिज के दौरान लगातार छुट्टियों को देखते हुए अक्टूबर 2026 के लिए GSTR-1 और GSTR-3B रिटर्न दाखिल करने की अंतिम तारीख बढ़ाने की मांग उठी है। CAIT गुजरात के चेयरमैन प्रमोद भगत ने GST काउंसिल से इस संबंध में जल्द निर्णय लेने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि कैलेंडर के अनुसार दिवाली 8 नवंबर 2026 और भाई बिज 11 नवंबर 2026 को है। इस दौरान देशभर में त्योहारों के चलते कारोबार, कार्यालय और टैक्स कम्प्लायंस से जुड़ी प्रोफेशनल फर्मों में अवकाश रहेगा। ऐसे में टैक्सपेयर्स और प्रोफेशनल्स के लिए रिटर्न से संबंधित जरूरी डेटा जुटाना, खातों का मिलान करना और रिटर्न समय पर दाखिल करना चुनौतीपूर्ण होगा।
भगत ने बताया कि 11 नवंबर 2026 अक्टूबर माह के GSTR-1 की निर्धारित ड्यू डेट भी है। त्योहारों के दौरान दूसरे राज्यों में काम करने वाले कर्मचारी भी अपने गृह नगर जाते हैं, जिससे कारोबारियों के लिए समय पर GST कम्प्लायंस पूरा करना और मुश्किल हो सकता है।
उन्होंने कहा कि GST काउंसिल की अगली बैठक 7 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। ऐसे में काउंसिल से आग्रह है कि अक्टूबर 2026 के रिटर्न पीरियड के लिए GSTR-1 और GSTR-3B दोनों की ड्यू डेट बढ़ाने पर विचार किया जाए।
CAIT गुजरात ने कहा कि समयसीमा बढ़ाने की घोषणा जल्द होने से लाखों छोटे और मध्यम कारोबारियों को राहत मिलेगी और वे लेट फीस तथा कम्प्लायंस के अतिरिक्त दबाव के बिना त्योहार मना सकेंगे।



