बिजनेस

स्टीमहाउस इंडिया का पहली तिमाही में शानदार प्रदर्शन, PAT 80% बढ़कर 18.34 करोड़

राजस्व 46% बढ़ा, EBITDA 60% उछलकर 30.93 करोड़; स्टीम बिक्री 16.70% बढ़ी

सूरत। स्टीमहाउस इंडिया लिमिटेड ने शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद पहली बार तिमाही वित्तीय परिणाम जारी किए हैं। 30 जून 2026 को समाप्त पहली तिमाही (Q1 FY27) में कंपनी ने शानदार प्रदर्शन दर्ज किया। कंपनी का स्टीम से राजस्व सालाना आधार पर 46.07% बढ़कर 123.37 करोड़ पहुंच गया। EBITDA 60.08% बढ़कर 30.93 करोड़ रहा, जबकि कर पश्चात लाभ (PAT) 80.25% की वृद्धि के साथ 18.34 करोड़ हो गया।

कंपनी ने तिमाही के दौरान 3,05,816 टन स्टीम की बिक्री की, जो पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले 16.70% अधिक है। EBITDA प्रति टन स्टीम 1,011.45 रहा, जो Q1 FY26 के 737.35 की तुलना में 37.17% अधिक है।

पिछली तिमाही के मुकाबले भी बढ़ी रफ्तार

Q4 FY26 की तुलना में भी कंपनी के प्रमुख कारोबार संकेतकों में वृद्धि दर्ज की गई। स्टीम से राजस्व 33.29%, EBITDA 17.11% और PAT 30.12% बढ़ा। वहीं स्टीम वॉल्यूम में 11.52% और EBITDA प्रति टन में 5.02% की वृद्धि हुई।

स्टीमहाउस इंडिया के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर विशाल एस. बुधिया ने कहा कि सूचीबद्ध कंपनी के रूप में पहला तिमाही परिणाम नए चरण की शुरुआत है। राजस्व, EBITDA और PAT में वृद्धि के साथ स्टीम वॉल्यूम तथा प्रति टन EBITDA में सुधार कंपनी के ऑपरेशनल प्लेटफॉर्म की मजबूती को दर्शाता है। कंपनी ने कोयला बिक्री को समाप्त कर अपना पूंजी आवंटन मुख्य रूप से स्टीम कारोबार पर केंद्रित किया है।

उना में 311 करोड़ का प्रोजेक्ट

कंपनी ने गुजरात से बाहर विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए बल्क ड्रग पार्क, उना में 300 TPH स्टीम प्रोजेक्ट के लिए 311 करोड़ का EPC ऑर्डर हासिल किया है। इससे कंपनी को एक नए औद्योगिक क्लस्टर में अपनी कम्युनिटी स्टीम जनरेशन और डिस्ट्रीब्यूशन क्षमता विस्तार का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा कंपनी के चार प्रोजेक्ट निर्माणाधीन हैं, जिनके वित्त वर्ष की दूसरी छमाही में शुरू होने की उम्मीद है। इनके चालू होने के बाद कंपनी के राजस्व और PAT मार्जिन में और सुधार की संभावना है।

गुजरात में 7 कम्युनिटी स्टीम बॉयलर

स्टीमहाउस इंडिया गुजरात में 7 कम्युनिटी स्टीम बॉयलर संचालित करती है। इनमें 6 कंपनी के स्वामित्व वाले और एक लीज पर है। इनकी कुल स्थापित क्षमता 345 टन प्रति घंटा (TPH) है। कंपनी का पाइपलाइन नेटवर्क करीब 60 किलोमीटर लंबा है।

कंपनी वलसाड के वापी, अंकलेश्वर, सरिगाम, नंदेसरी और पनोली जैसे औद्योगिक क्षेत्रों में काम करती है तथा दहेज GIDC और सचिन GIDC में भी स्टीम एग्रीगेशन एवं वितरण करती है। फार्मास्युटिकल, केमिकल, एग्रोकेमिकल, टेक्सटाइल, टायर, डाई-पिगमेंट, पॉलिमर और पेंट उद्योगों को कंपनी स्टीम की आपूर्ति करती है। इसके अलावा अंकलेश्वर में PSA तकनीक से नाइट्रोजन उत्पादन एवं पाइपलाइन के जरिए वितरण का कारोबार भी कंपनी करती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button