
सूरत – हजीरा : आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया (AM/NS India) ने सरदार वल्लभभाई राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (SVNIT), सूरत के सहयोग से आज एम्प्लॉयबिलिटी एन्हांसमेंट प्रोग्राम (EEP) का शुभारंभ किया। इस एक वर्षीय प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवा इंजीनियरिंग प्रतिभाओं के शैक्षणिक अध्ययन और उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं के बीच की दूरी को कम करते हुए उन्हें रोजगार के लिए अधिक सक्षम बनाना है। यह कार्यक्रम विशेष रूप से सूरत तथा आसपास के क्षेत्रों के युवा इंजीनियरिंग विद्यार्थियों एवं डिप्लोमा धारकों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में तेजस परमार, IAS, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, सूरत, इसके अतिरिक्त प्रो. (डॉ.) अनुपम शुक्ला, निदेशक, SVNIT; आशुतोष तेलंग, निदेशक एवं वाइस प्रेसिडेंट – एचआर एवं एडमिनिस्ट्रेशन, AM/NS India; SVNIT के वरिष्ठ संकाय सदस्य, AM/NS India के प्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामों के सरपंच तथा विद्यार्थियों के अभिभावक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम बैच में कुल 80 प्रशिक्षुओं का चयन किया गया है, जिसमें 40 इंजीनियरिंग स्नातक एवं 40 डिप्लोमा धारक शामिल हैं। सूरत तथा आसपास के क्षेत्रों से चयनित ये सभी प्रतिभागी SVNIT, सूरत एवं AM/NS India द्वारा संयुक्त रूप से संचालित एक वर्षीय प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इस कार्यक्रम को इस प्रकार तैयार किया गया है कि प्रतिभागियों को उद्योग से संबंधित व्यावहारिक ज्ञान, तकनीकी दक्षता, औद्योगिक सुरक्षा की समझ, गुणवत्ता प्रबंधन (Quality Management) संबंधी प्रक्रियाओं तथा आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र के लिए आवश्यक व्यावसायिक कौशल प्राप्त हो सकें।
वर्ष 2030 तक भारत को लगभग 115 मिलियन नए रोजगार अवसरों का सृजन करना होगा तथा उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं एवं नई प्रौद्योगिकियों की मांग को पूरा करने के लिए देश के लगभग 63 प्रतिशत कार्यबल को कौशल उन्नयन (Skill Upgradation) की आवश्यकता होगी। इस अंतर को पाटने के लिए आधुनिक प्रशिक्षण प्रणालियों तथा सरकार, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योगों के बीच मजबूत सहयोग अनिवार्य है। एम्प्लॉयबिलिटी एन्हांसमेंट प्रोग्राम इसी चुनौती का व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत करने के उद्देश्य से तैयार किया गया है, जो गुजरात और भारत के लिए भविष्य के अनुरूप, कुशल तथा उद्योग के लिए तैयार कार्यबल के निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर तेजस परमार, IAS, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट, सूरत ने कहा, “सूरत की विकास यात्रा कुशल स्थानीय प्रतिभाओं की शक्ति से आगे बढ़नी चाहिए। AM/NS India और SVNIT की यह पहल हमारे युवाओं के लिए सार्थक अवसरों का सृजन करती है तथा कुशल एवं विकसित भारत के व्यापक दृष्टिकोण को भी आगे बढ़ाती है।”
आशुतोष तेलंग, निदेशक एवं वाइस प्रेसिडेंट – एचआर एवं एडमिनिस्ट्रेशन, AM/NS India ने कहा, “AM/NS India में हमारा विश्वास है कि औद्योगिक विकास और सामुदायिक विकास साथ-साथ आगे बढ़ने चाहिए। इस कार्यक्रम के माध्यम से हमारा उद्देश्य स्थानीय युवाओं की रोजगार क्षमता को बढ़ाना, उनके लिए नए अवसरों का सृजन करना तथा विनिर्माण क्षेत्र के लिए एक मजबूत प्रतिभा पाइपलाइन (Talent Pipeline) तैयार करना है।”
प्रो. (डॉ.) अनुपम शुक्ला, निदेशक, SVNIT ने कहा, “यह कार्यक्रम उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच मजबूत सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। शैक्षणिक उत्कृष्टता और वास्तविक औद्योगिक अनुभव के समन्वय के माध्यम से हम प्रतिभागियों को उद्योग की निरंतर बदलती आवश्यकताओं को पूरा करने तथा राष्ट्र के विकास में सार्थक योगदान देने के लिए तैयार कर रहे हैं।”
एम्प्लॉयबिलिटी एन्हांसमेंट प्रोग्राम, AM/NS India की सामुदायिक विकास, कौशल विकास तथा सूरत सहित आसपास के क्षेत्रों के युवाओं के लिए उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की प्रतिबद्धता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है। गत सप्ताह AM/NS India को भारत सरकार की प्रमुख पहल प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई (PM-SETU) के अंतर्गत सूरत ITI क्लस्टर के लिए एंकर इंडस्ट्री पार्टनर के रूप में चयनित किया गया था। इस क्लस्टर में ITI सूरत को हब संस्थान तथा ITI हजीरा, बारडोली, सचिन एवं सूरत (महिला) को स्पोक संस्थानों के रूप में शामिल किया गया है, ताकि उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावसायिक प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षमता को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
ये दोनों पहलें AM/NS India के इस विश्वास को और अधिक मजबूत बनाती हैं कि उद्योग, शैक्षणिक संस्थानों और सरकार के बीच सहयोग ही भारत के विनिर्माण क्षेत्र की प्रगति को गति देने के लिए सक्षम एवं कुशल कार्यबल तैयार कर सकता है तथा विकसित भारत 2047 के दृष्टिकोण को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।



