सूरत

साकेत मार्केट में श्री माजीसा धाम सूरत के नवीन कार्यालय का भव्य शुभारंभ

19 फरवरी 2027 को बलेश्वर स्थित श्री माजीसा धाम की प्राण प्रतिष्ठा

सूरत। जसोल की आराध्य श्री माता राणी भटियाणी माँ के भक्तों के लिए बलेश्वर स्थित मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर बन रहे भव्य श्री माजीसा धाम का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। इसी क्रम में बुधवार को श्रावण शुक्ला सप्तमी के पावन अवसर पर आई माता सर्कल स्थित साकेत मार्केट में श्री माजीसा माताजी राणी भटियाणी ट्रस्ट, बलेश्वर (सूरत) के सूरत सिटी कार्यालय का भव्य शुभारंभ किया गया। सुबह 8.05 बजे शुभ वेला में सैकड़ों माँ भक्तों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-पाठ एवं कलश स्थापना के साथ कार्यालय का उद्घाटन हुआ। इस दौरान श्री माजीसा माँ के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

ट्रस्ट के अध्यक्ष पुखराज संकलेचा ने बताया कि बलेश्वर में निर्मित हो रहे श्री माजीसा धाम की 19 फरवरी 2027 को प्राण प्रतिष्ठा प्रस्तावित है। प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की तैयारियों को गति देने में नवीन सूरत सिटी कार्यालय महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यालय से विभिन्न समितियों का गठन, महान संतों एवं अतिथियों को निमंत्रण, बैठकों का आयोजन तथा महोत्सव से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

उन्होंने बताया कि बलेश्वर स्थित श्री माजीसा धाम मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रमुख स्थान पर निर्मित हो रहा है। इससे सूरत शहर एवं आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ राजमार्ग से आवागमन करने वाले माँ भक्तों को भी दर्शन का लाभ मिल सकेगा। धाम में भक्तों की सुविधा के लिए भोजनशाला, विशाल सभागार तथा ठहरने के लिए कमरों सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।

ट्रस्ट से जुड़े भक्तों ने बताया कि गुजरात में श्री माजीसा माँ का भव्य धाम बनाने का संकल्प कुछ युवाओं ने लिया था। धीरे-धीरे इस संकल्प से माँ भक्तों का कारवां जुड़ता गया और भक्तों के सहयोग से आज यह विशाल धाम आकार ले रहा है। आगामी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर सूरत सहित गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के माँ भक्तों में विशेष उत्साह है। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

नवीन कार्यालय के शुभारंभ अवसर पर उपस्थित माँ भक्तों ने श्री माजीसा माँ के चरणों में पूजा-अर्चना कर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य, दिव्य एवं निर्विघ्न रूप से सम्पन्न कराने की कामना की। साथ ही सभी भक्तों से तन-मन-धन से सहयोग कर महोत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में माँ भक्त उपस्थित रहे।

इस मौके पर,सचिव रमेश राठी, वीरसिंह सोढा, रमेश वडेरा,मुकेश भूतड़ा,मुकेश मालपानी, नरेश बोहरा,गणपत भंडारी, सोहन गुड़ा,राकेश भन्साली, राजेश कवाड़,राकेश ओसवाल, राकेश घीया, समेत अन्य ट्रस्टी तथा सैकड़ो माँ भक्त उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button