
सूरत : मनपा के स्विमिंग पूल में डूबने से सॉफ्टवेयर डेवलपर की मौत
तैरते समय औंधे मुंह पानी में मिला 32 वर्षीय युवक, बाहर निकालकर सीपीआर दिया लेकिन नहीं बची जान
सूरत। शहर के वराछा स्थित मिनी बाजार क्षेत्र में शनिवार सुबह महानगरपालिका के स्विमिंग पूल में तैरने के दौरान एक सॉफ्टवेयर डेवलपर की मौत हो गई। युवक पानी में औंधे मुंह पड़ा मिला। पूल में मौजूद एक अन्य सदस्य ने उसे देखकर तत्काल बाहर निकाला। इसके बाद सीपीआर देकर बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना से परिवार में शोक छा गया है।
स्मीमेर अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, वराछा के एलएच रोड स्थित ईश्वरकृपा सोसाइटी निवासी विमल रुखड़भाई कातरिया (32) पत्नी और एक पुत्री के साथ रहते थे। वह लालदरवाजा क्षेत्र की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर डेवलपर के रूप में कार्यरत थे। उनके भाई संजय कातरिया ने बताया कि विमल पिछले तीन महीने से नियमित रूप से मिनी बाजार स्थित मनपा के स्विमिंग पूल में तैरने जाते थे। शनिवार सुबह भी वह रोजाना की तरह पूल पहुंचे थे, जहां यह हादसा हो गया।
पानी से बाहर निकालने के बाद विमल को सीपीआर दिया गया और 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।
तैरते समय हार्ट अटैक आने की आशंका
स्विमिंग पूल के इंस्ट्रक्टर हिमांशु इच्छापुरीया ने बताया कि विमल नियमित रूप से तैरने आते थे। शनिवार सुबह एक अन्य सदस्य ने उन्हें पानी में औंधे मुंह पड़ा देखा, जिसके बाद तत्काल बाहर निकालकर सीपीआर दिया गया और एंबुलेंस बुलाई गई। तैरते समय हार्ट अटैक आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी।
पूल में केवल दो इंस्ट्रक्टर होने का आरोप
विमल के भाई संजय कातरिया ने स्विमिंग पूल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि तैरने आने वाले सदस्यों की संख्या के अनुपात में निगरानी के लिए पर्याप्त इंस्ट्रक्टर होने चाहिए, जबकि पूल में केवल दो इंस्ट्रक्टर मौजूद थे। इस आरोप के बाद पूल में सुरक्षा इंतजामों और तैराकों की निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।



