सूरत

न्यू सिविल अस्पताल में प्रारंभ होगा साकेत का नया प्रकल्प ‘विक्रम करुणा केंद्र’

गोविन्द सरावगी की प्रेरणा से साकेत का सेवा प्रकल्प, स्व. विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति को समर्पित

सूरत। साकेत ग्रुप द्वारा न्यू सिविल अस्पताल, सूरत में शीघ्र ही ‘विक्रम करुणा केंद्र’ नाम से एक महत्वपूर्ण सेवा प्रकल्प प्रारंभ किया जा रहा है। यह प्रकल्प साकेत के प्रमुख स्तंभ एवं सेवाभावी व्यक्तित्व स्व. विक्रम सिंह शेखावत की स्मृति को समर्पित होगा।

इस प्रकल्प के अंतर्गत अस्पताल में हेल्प डेस्क एवं प्याऊ सेवा प्रारंभ की जाएगी। हेल्प डेस्क पर साकेत के सेवा भावी कार्यकर्ता उपस्थित रहकर अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों को आवश्यक मार्गदर्शन, विभिन्न विभागों की जानकारी तथा जरूरत के समय यथासंभव सहयोग प्रदान करेंगे।

साकेत के सांवर प्रसाद बुधिया ने बताया कि इस सेवा प्रकल्प की प्रेरणा गोविन्द सरावगी से मिली। उन्होंने बताया कि कई वर्षों पूर्व गोविन्द सरावगी ने सुझाव दिया था कि सिविल एवं स्मीमेर अस्पताल में एक ऐसा हेल्प डेस्क बनाया जाना चाहिए, जहां दिन-रात सेवाभावी व्यक्ति उपस्थित रहे और अस्पताल आने वाले परेशान मरीजों एवं उनके परिजनों को सही रास्ता दिखाने के साथ-साथ उनकी परेशानी के समय सहारा मिल सके।

हाल ही में न्यू सिविल अस्पताल के प्रवास के दौरान गोविन्द जी सरावगी का यह प्रेरणादायी सुझाव पुनः स्मरण हुआ। इसके बाद अस्पताल प्रशासन से इस विषय में चर्चा की गई। श्रीमती डॉ. पारुल बडगामा जी ने इस सेवा पहल के लिए तत्काल सकारात्मक सहमति प्रदान की। वहीं डॉ. केतन नायक जी ने प्रकल्प को शीघ्र प्रारंभ करने के लिए स्थान, केबिन एवं आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने में सहयोग किया।

‘विक्रम करुणा केंद्र’ मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए मानवीय संवेदना, मार्गदर्शन और सहयोग का केंद्र बनेगा। इसके साथ ही प्याऊ सेवा के माध्यम से अस्पताल आने वाले लोगों को पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।

सांवर प्रसाद बुधिया ने कहा कि अस्पताल में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति कठिन परिस्थिति से गुजर रहा होता है। ऐसे समय में उसे सही जानकारी, मार्गदर्शन और आत्मीय सहयोग उपलब्ध कराना भी महत्वपूर्ण सेवा है।

साकेत परिवार इस सेवा प्रकल्प को अपने प्रमुख स्तंभ स्व. विक्रम सिंह शेखावत की पावन स्मृति को समर्पित करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करता है तथा इस सेवा की प्रेरणा देने वाले गोविन्द सरावगी के प्रति सादर वंदन एवं आभार व्यक्त करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button