सूरत

सूरत : डिंडोली राजमहल मॉल में 20 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या, पैसेज में मिला खून से लथपथ शव

डिंडोली क्षेत्र की घटना से फैली सनसनी, पार्किंग में मिली बाइक से हुई मृतक की पहचान

सूरत शहर के डिंडोली क्षेत्र स्थित राजमहल मॉल में शनिवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही डिंडोली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, डिंडोली फायर स्टेशन के सामने स्थित राजमहल मॉल की पहली मंजिल के पैसेज में सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। प्रारंभिक जांच में मृतक के गले पर धारदार हथियार से किए गए वार के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए स्मीमेर अस्पताल भेज दिया।

जांच के दौरान मॉल की पार्किंग में खड़ी एक बाइक के आधार पर मृतक की पहचान राज अजय दुबे (20) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

डिंडोली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस मॉल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मृतक घटना से पहले किसके साथ मॉल पहुंचा था और उसकी गतिविधियां क्या थीं।

पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जांच के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button