सूरत

सूरत : गारमेंट पर 18% GST से राहत की मांग, गिरिराज सिंह से मिला फोस्टा

टेक्सटाइल म्यूजियम और यूनिवर्सिटी बनाने पर भी दिया जोर

सूरत। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को फेडरेशन ऑफ सूरत ट्रेड एंड टेक्सटाइल एसोसिएशन (फोस्टा) के कार्यालय पहुंचकर कपड़ा व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान कपड़ा व्यापार से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा हुई। फोस्टा ने गारमेंट पर जीएसटी दर, टेक्सटाइल म्यूजियम और टेक्सटाइल यूनिवर्सिटी जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाते हुए व्यापारियों के हित में उचित कदम उठाने की मांग की।

बैठक की शुरुआत में फोस्टा पदाधिकारियों ने मंत्री का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। फोस्टा चेयरमैन कैलाश हाकिम ने व्यापारियों और पदाधिकारियों का परिचय कराया तथा व्यापार से जुड़े मुद्दों पर मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। फोस्टा अध्यक्ष हंसराज जैन ने संगठन की गतिविधियों और सूरत के कपड़ा व्यापार में उसकी भूमिका की जानकारी दी। वहीं, महामंत्री दिनेश कटारिया ने व्यापारियों को राहत देने और उद्योग को गति देने के लिए जरूरी सुधारों की आवश्यकता बताई।

बैठक में 2,500 से अधिक मूल्य के गारमेंट पर लागू 18 प्रतिशत जीएसटी दर का मुद्दा प्रमुखता से उठा। अपनी मांग को स्पष्ट करने के लिए संगठन ने मंत्री को कपड़े और गारमेंट के नमूने दिखाए तथा लिखित ज्ञापन भी सौंपा। संगठन ने कहा कि इस विषय पर व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लिया जाना चाहिए।

टेक्सटाइल म्यूजियम और यूनिवर्सिटी की मांग

फोस्टा ने सूरत के वस्त्र उद्योग को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूती देने के लिए टेक्सटाइल म्यूजियम और टेक्सटाइल यूनिवर्सिटी से जुड़े विषय भी उठाए। संगठन का कहना है कि उद्योग की जरूरतों, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर इन क्षेत्रों में ठोस पहल की जानी चाहिए।

मंत्री ने दिया सकारात्मक विचार का आश्वासन

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने व्यापारियों के स्वागत और सम्मान के लिए आभार जताया। उन्होंने फोस्टा की ओर से रखे गए सुझावों और मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों के साथ विचार-विमर्श कर उचित परिणाम हासिल करने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यापारियों को बदलते व्यापारिक परिदृश्य के अनुरूप नए अवसरों का लाभ उठाने और उद्योग के विकास के लिए निरंतर प्रयास करने का मार्गदर्शन भी दिया।

फोस्टा ने मंत्री के आश्वासन और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार के सहयोग से कपड़ा व्यापार की समस्याओं का समाधान होगा। बैठक में फोस्टा के पदाधिकारी, विभिन्न कपड़ा मार्केटों के प्रतिनिधि और प्रतिष्ठित व्यापारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button