बिजनेससूरत

पीएम मित्रा मेगा टेक्सटाइल पार्क के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू, सूरत के टेक्सटाइल सेक्टर को मिली बड़ी रफ्तार

1142 एकड़ में विकसित होगा मेगा पार्क, पीपीपी मॉडल पर होगी मास्टर डेवलपर की नियुक्ति

सूरत। दुनिया की प्रमुख टेक्सटाइल सिटी सूरत के निकट नवसारी जिले के वांसी-बोरसी में प्रस्तावित 1142 एकड़ के पीएम मित्रा मेगा टेक्सटाइल एवं अपैरल पार्क के विकास की दिशा में अहम कदम उठाते हुए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ग्लोबल टेंडर जारी होने के साथ ही लंबे समय से प्रतीक्षित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के क्रियान्वयन का रास्ता साफ हो गया है।

पीएम मित्रा पार्क के तहत पार्क के विकास, संचालन और रखरखाव के लिए सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर मास्टर डेवलपर की नियुक्ति की जाएगी। यह टेंडर डिजाइन, बिल्ड, फाइनेंस, ऑपरेट और ट्रांसफर (डीबीएफओटी) मॉडल के तहत जारी किया गया है।

टेंडर प्रक्रिया 13 जुलाई से शुरू हो चुकी है। प्री-बिड कॉन्फ्रेंस 27 जुलाई को आयोजित होगी। ऑनलाइन टेंडर जमा करने की अंतिम तिथि 29 अगस्त निर्धारित की गई है, जबकि दस्तावेज जमा करने की अंतिम तिथि 3 सितंबर रखी गई है।

सूरत देश का सबसे बड़ा मैन-मेड फाइबर टेक्सटाइल हब है, जहां कपड़ा उत्पादन, वीविंग, प्रोसेसिंग, डाइंग-प्रिंटिंग, एम्ब्रॉयडरी और ट्रेडिंग का विशाल नेटवर्क संचालित होता है। अब तक यह उद्योग विभिन्न क्षेत्रों में फैला हुआ था, लेकिन पीएम मित्रा पार्क के माध्यम से पूरी टेक्सटाइल वैल्यू चेन को एक ही परिसर में विकसित किया जाएगा।

पार्क में स्पिनिंग, वीविंग, प्रोसेसिंग, गारमेंटिंग, टेक्निकल टेक्सटाइल, रेडीमेड गारमेंट्स, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग और कॉमन इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे उत्पादन लागत में कमी आएगी, सप्लाई चेन अधिक मजबूत होगी और निर्यात को नई गति मिलेगी।

उद्योग जगत का मानना है कि पीएम मित्रा पार्क के विकसित होने के बाद अंतरराष्ट्रीय खरीदारों को एक ही स्थान पर संपूर्ण टेक्सटाइल इकोसिस्टम उपलब्ध होगा, जिससे सूरत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता और मजबूत होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button