
इनर व्हील क्लब ऑफ सूरत सीफेस की नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार
आशा मित्तल बनीं अध्यक्ष, समाजसेवा और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
सूरत। इनर व्हील क्लब ऑफ सूरत सीफेस की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी का पदस्थापन (इंस्टॉलेशन) समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। समारोह में आशा मित्तल ने अध्यक्ष, वीना बंसल ने सचिव तथा नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने विधिवत पदभार ग्रहण किया।
कार्यक्रम में पीडीसी डॉ. सुचेता पंडित ने इंस्टॉलेशन ऑफिसर के रूप में नई टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्य अतिथि सीजीएसटी आयुक्त डॉ. मनप्रीत अरोड़ा ने क्लब की समाजसेवा की परंपरा की सराहना करते हुए सदस्यों को सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष आशा मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब प्रेम, विनम्रता और करुणा की भावना के साथ जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने मानवीय मूल्यों, ईमानदारी, विश्वास और मजबूत मित्रता को संगठन की पहचान बताते हुए सभी सदस्यों से समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज को कुछ लौटाने की भावना ही जीवन को सार्थक और संतोषपूर्ण बनाती है।
समारोह के अंत में सभी सदस्यों ने मित्रता, सेवा और निस्वार्थ भाव से समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर इनर व्हील क्लब ऑफ सूरत सीफेस के लगभग 150 सदस्य उपस्थित रहे।



