
सूरत। सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री और सदर्न गुजरात चैंबर ट्रेड एंड इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट सेंटर द्वारा 21, 22 और 23 फरवरी 2026 तक सरसाना स्थित सूरत इंटरनेशनल एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में तीन दिवसीय ‘सीटेक्स – सूरत इंटरनेशनल टेक्सटाइल एक्सपो-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। चैंबर अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि ‘सीटेक्स’ सीरीज़ की यह 13वीं और वर्ष की दूसरी प्रदर्शनी है। इसका मुख्य उद्देश्य सूरत की टेक्सटाइल इंडस्ट्री को वैश्विक स्तर पर नई दिशा और गति प्रदान करना है।
एक्सपो में प्रदर्शित की जाने वाली कई मशीनें भारत और दुनिया में पहली बार सूरत में लॉन्च होंगी। पूर्व अध्यक्ष विजय मेवावाला के अनुसार, हाई स्पीड रैपियर लूम, एयरजेट, वॉटरजेट, पोज़िशन प्रिंटिंग व एम्ब्रॉयडरी मशीनों सहित वेलवेट एयरजेट मशीनरी के लेटेस्ट मॉडल प्रदर्शित किए जाएंगे। चार-शीट हाई-स्पीड रैपियर जैक्वार्ड मशीन -सीटेक्स एक्सपो में दुनिया की पहली चार-शीट वाली हाई-स्पीड रैपियर जैक्वार्ड मशीन (490 सेमी लंबाई) लॉन्च की जाएगी।
इससे एक साथ चार साड़ियां बनाना संभव होगा, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ने और लगभग 25 प्रतिशत लागत घटने की उम्मीद है। हाई-स्पीड एयरजेट मशीन का लाइव डेमो- एक्सपो में लगभग 9,500 डॉलर कीमत वाली हाई-स्पीड एयरजेट मशीन का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया जाएगा, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार में उपलब्ध मशीनों की तुलना में अधिक किफायती बताई जा रही है।
सीटेक्स एक्सपो 2026 के चेयरमैन सुरेश पटेल ने बताया कि सूरत, नई दिल्ली, मुंबई, लुधियाना, अहमदाबाद, कोयंबटूर, पुणे, भीलवाड़ा, वलसाड सहित देश के विभिन्न शहरों से 110 एग्जिबिटर्स भाग ले रहे हैं। ऑनरेरी ट्रेजरर सीए मितेश मोदी के अनुसार, 15,000 से अधिक विजिटर्स का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हो चुका है और कुल 25,000 से अधिक उद्योग से जुड़े लोग एक्सपो का दौरा करेंगे।



