
शिक्षा-रोजगार
इंदौर सुपर लीग में सूरत की रेडियंट स्कूल बनी चैंपियन
फाइनल में भोपाल को 3-0 से हराया, अंडर-13 फुटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन कर जीता खिताब
सूरत। द रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल, सूरत की अंडर-13 बॉयज फुटबॉल टीम ने इंदौर सुपर लीग ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में सूरत की टीम ने भोपाल की टीम को 3-0 से करारी शिकस्त देकर शानदार जीत दर्ज की।
टूर्नामेंट के दौरान रेडियंट स्कूल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन, टीमवर्क और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। फाइनल मुकाबले में भी टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और प्रतिद्वंद्वी टीम पर दबाव बनाए रखा। खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल के साथ तीन गोल दागकर मुकाबले को एकतरफा बना दिया।
इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, समर्पण और फुटबॉल के प्रति जुनून रहा। अंडर-13 टीम की इस शानदार सफलता से स्कूल सहित पूरे सूरत शहर का गौरव बढ़ा है।



