
सूरत। सूरत महानगर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से सोमवार को कांग्रेस कार्यालय के बाहर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। महिला मोर्चा ने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद एंगोमचा बिमोल अकोइजाम पर लगे कथित यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों और कांग्रेस की ओर से उन्हें कथित समर्थन दिए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया।
सूरत महानगर भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष डॉ. जागृति देसाई की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के बाहर एकत्रित हुईं। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन और घेराव के ऐलान को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क रहा। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए कांग्रेस कार्यालय के आसपास पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया था।

प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष डॉ. जागृति देसाई, महामंत्री हिरलबेन गोस्वामी, महामंत्री हेतलबेन सोलंकी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमलताबेन राणा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रितुबेन राठी, महिला पार्षदों, शहर महिला संगठन के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।



