
सूरत : 15 अगस्त के जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज
कलेक्टर तेजस परमार ने समीक्षा बैठक में दिए दिशा-निर्देश, बाढ़ राहत कार्य में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का होगा सम्मान
सूरत। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को जिला कलेक्टर तेजस परमार की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस वर्ष जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सूरत महानगरपालिका के उमरा पार्टी प्लॉट में आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता राज्य के वित्त एवं ऊर्जा मंत्री कनुभाई देसाई करेंगे।
बैठक में कलेक्टर तेजस परमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, राष्ट्रीय गौरव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समारोह का आयोजन गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित और उत्साहपूर्ण वातावरण में किया जाए। इस उद्देश्य से विभिन्न समितियों का गठन किया गया है।
समीक्षा बैठक में ध्वजारोहण मंच, परेड ग्राउंड, बैठक व्यवस्था, प्रोटोकॉल, ध्वनि व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सजावट, पार्किंग, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिक से अधिक स्कूली विद्यार्थियों और जिले के नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि राष्ट्रीय पर्व जन-जन का उत्सव बन सके।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि हाल ही में आई बाढ़ के दौरान उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों तथा प्रशासन के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करने वाली स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ) को स्वतंत्रता दिवस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में डिप्टी म्युनिसिपल कमिश्नर निधि शिवाच, जिला पुलिस प्रमुख राजेश गढ़िया, निवासी अतिरिक्त कलेक्टर विजय रबारी, प्रांत अधिकारी तथा सड़क एवं भवन, सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



