
सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने के उद्देश्य से शनिवार को सरसाणा कन्वेंशन हॉल में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। देश के 45 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 51 हजार से अधिक युवाओं को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए युवाओं को संबोधित किया।
सूरत में आयोजित रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित 158 उम्मीदवारों को केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटील ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम में उपस्थित और अनुपस्थित उम्मीदवारों को मिलाकर सूरत से कुल 264 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान सहित जयपुर, जोधपुर, राजकोट, जामनगर, मोरबी, वेरावल और सूरत के उम्मीदवार शामिल हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं से सरकारी सेवा में शामिल होने के बाद ‘नागरिक देवो भव’ की भावना से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सीधे संपर्क में रहने वाले कर्मचारी ही आम लोगों के लिए सरकार का चेहरा होते हैं। इसलिए कर्मचारियों को ईमानदारी, संवेदनशीलता, समयबद्धता और सेवाभाव के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटील ने युवाओं और उनके परिवारों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रोजगार मेलों के जरिए युवाओं को सरकारी सेवा में शामिल होने का अवसर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल सरकारी नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का अवसर मिला है। उन्होंने ईमानदारी और सेवाभाव के साथ कर्तव्य निभाने का आह्वान किया।
पाटील ने कहा कि सरकारी कार्यों में तेजी और दक्षता बढ़ाने के लिए नई तकनीक और नवीन कार्यपद्धतियों को अपनाना जरूरी है। लगातार सुधार और नवाचार के माध्यम से सरकारी कार्यों को सरल एवं तेज बनाने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
रोजगार मेले में आयकर विभाग, डाक विभाग, रेलवे, बैंकिंग और जल शक्ति विभाग सहित विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में सीसीआईटी गुजरात के प्रधान विवेक वाडेकर, सूरत के सीसीआईटी एम.सी. स्वैन, सांसद मुकेश दलाल, विधायक संगीता पाटील, विधायक प्रवीण घोघारी, सूरत की महापौर मायाबेन मावाणी सहित विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य उपस्थित रहे।



